खास बातें
- रिलायंस और इन्फोसिस जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 153.64 अंक की बढ़ोतरी के साथ 16,939.28 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज और इन्फोसिस जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 153.64 अंक की बढ़ोतरी के साथ 16,939.28 अंक पर बंद हुआ। इससे पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स में गिरावट आई थी। भारतीय रिजर्व बैंक की मंगलवार को आने वाली मौद्रिक नीति की समीक्षा और मासिक डेरिवेटिव अनुबंधों के समापन से पहले बाजार में तेजी आई। दूसरी ओर एशियाई बाजारों में मजबूती का रुख रहा। यूरोपीय संघ के नेताओं की हुई बैठक के बाद यूरो क्षेत्र के ऋण संकट का हल निकलने की उम्मीद बंधी है। यूरोपीय नेताओं ने कहा है कि यूरो क्षेत्र के ऋण संकट को सुलझाने की दिशा में अच्छी प्रगति की है। एक समय सेंसेक्स 17,104.88 अंक के स्तर पर पहुंच गया था पर कारोबार के अंतिम चरण मुनाफावसूली से यह लाभ कुछ सिमट गया। कुल मिलाकर बाजार में नकारात्मक रुख ही रहा। दूसरी श्रेणी के शेयरों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 48.40 अंक की तेजी के साथ 5,098.35 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 5,145.65 अंक पर पहुंच गया था। बोनान्जा पोर्टफोलिया की वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक शानू गोयल ने कहा, कमजोर सप्ताह के बाद वैश्विक संकेतों की वजह से बाजार मजबूत रुख के साथ खुला। शुक्रवार को एशियाई और यूरोपीय बाजार दोनों बढ़त के साथ बंद हुए थे, क्योंकि यूरो क्षेत्र की बैठक से ऋण संकट को निपटाने की दिशा में प्रगति हुई है।