खास बातें
- पिछले चार सत्रों में करीब 250 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स 188.91 अंक की गिरावट के साथ 19,262.54 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: वैश्विक बाजार में कच्चे तेल में तेजी के बीच देश औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर घटने की खबर से स्थानीय शेयर बाजार को एक और झटका लगा तथा प्रमुख शेयर सूचकांक लगातार पांचवे दिन गिरावट में रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 189 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 56 अंक नीचे चला गया। पिछले चार सत्रों में करीब 250 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स 188.91 अंक की गिरावट के साथ 19,262.54 अंक पर बंद हुआ। रीयल्टी, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल और रिफाइनरी शेयर मुनाफा वसूली के शिकार हुए। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 56.30 अंक टूटकर 5,800 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 5,785.70 अंक पर बंद हुआ। फरवरी में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर घटकर 3.6 प्रतिशत पर आने की खबर से कारोबारी धारणा सुस्त पड़ गई। पिछले साल की इसी अवधि में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 15.1 प्रतिशत थी। उधर, अन्य एशियाई बाजारों में कमजोर रुख और यूरोपीय बाजारों के गिरावट के साथ खुलने से भी घरेलू बाजार की धारणा प्रभावित हुई। कच्चे तेल में तेजी से ज्यादातर एशियाई बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। वास्तव में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई और बढ़ने की आशंका है जिसके मद्देनजर रिजर्व बैंक सख्त मौद्रिक उपाय कर सकता है। रिजर्व बैंक मार्च, 2010 से आठ बार नीतिगत दरें बढ़ा चुका है।