यह ख़बर 21 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

भारत में दो साल में पहला छोटा विमान पेश करेगी महिंद्रा

नरसापुरा (बेंगलुरु):

महिंद्रा समूह की विमान और कलपुर्जा इकाई महिंद्रा एयरोस्पेस अगले दो साल में भारत में सबसे पहले आठ सीटों वाले विमान तैयार करना शुरू कर देगी।

नई एयरोस्ट्रक्चर निर्माण इकाई का उद्घाटन करने के दौरान महिंद्रा सिस्टेक के अध्यक्ष हेमंत लूथरा ने कहा, आप दो साल में हमसे एक आठ सीटों वाले विमान के निर्माण की उम्मीद कर सकते हैं।

कंपनी इस समय आठ सीटों वाले जीए8 यूटिलिटी विमान का निर्माण अपनी ऑस्ट्रेलिया स्थित कंपनियों, एयरोस्टाफ व ग्रिप्सएयरो में करती है, जिनका उसने 2010 में अधिग्रहण किया था। उन्होंने कहा कि कंपनी ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया से करीब 250 विमानों का निर्यात किया है, जिनका उपयोग अमेरिका, कनाडा, यूरोप और अन्य देशों में पर्यटन, लोकोपकारी मदद, साहसिक खेलों व अन्य गतिविधियों में किया जाता है।

महिंद्रा 10 सीटों वाले जीए10 विमान का भी उत्पादन कर रही है, जो प्रमाणन की प्रक्रिया में है और 2014 तक इसके वाणिज्यिक परिचालन के लिए उपलब्ध होने की संभावना है। कंपनी 18 सीटों वाले जीए18 के विकास पर भी काम कर रही है।

कारखाने का उद्घाटन करते हुए महिंद्रा समूह के सीएमडी आनंद महिंद्रा ने कहा कि उनका लक्ष्य भारत को विमानन क्षेत्र में एक वैश्विक ग्राहक से एक वैश्विक उत्पादक में तब्दील करना है और यह विनिर्माण इकाई वैश्विक विमानन उद्योग में भारत को प्रवेश दिलाने की दिशा में एक प्रयास है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com