खास बातें
- रबड़ की कीमतें बढ़ने से टायर विनिर्माता कंपनी जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज ने अपने उत्पादों की कीमतों में दो से चार फीसदी तक की बढ़ोतरी का निर्णय किया है।
तिरुचिरापल्लै: रबड़ की कीमतें बढ़ने से टायर विनिर्माता कंपनी जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज ने अपने उत्पादों की कीमतों में दो से चार फीसदी तक की बढ़ोतरी करने का निर्णय किया है। कंपनी के निदेशक (विपणन) एएस मेहता ने कहा, प्राकृतिक रबड़ की कीमतें 210-220 रुपये प्रति किलो की सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गई हैं, जो पिछली तिमाही में 180 रुपये प्रति किलो थीं, लेकिन अभी तक हमने टायरों की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं। उन्होंने कहा, रबड़ की कीमतों की इस तेजी के कारण हमने सभी प्रकार के टायरों की कीमत बढ़ाने का निर्णय किया है। एक सवाल के जवाब पर उन्होंने कहा, टायर विनिर्माताओं के लिए चौथी तिमाही के परिणाम दूसरी अथवा तीसरी तिमाही से बेहतर रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने 2009-10 में 3,678 करोड़ रुपये की बिक्री की थी, लेकिन अगले कुछ सालों तक इसमें कुछ गिरावट आने की संभावना है। कंपनी चेन्नई में एक नया विनिर्माण संयंत्र लगाने वाली है। इसका परिचालन 2011 से शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि चेन्नई संयंत्र के पहले चरण में 750 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस कारखाने से प्रति साल चार लाख ट्रक टायर एवं करीब 25 लाख कार टायर बनाए जाएंगे। इस कारखाने से करीब 1,200 लोगों को रोजगार मिलेगा।