इस कंपनी के चेयरमैन की बढ़ेगी सैलेरी
खास बातें
- कंपनी ने शेयरधारकों से मांगी मंजूरी
- निदेशक मंडल ने अतिरिक्त मेहनताना को दी मंजूरी
- सीईओ के 12 लाख रुपये वेतन के लिए भी मांगी मंजूरी
नई दिल्ली: आईटीसी लि. अपने गैर-कार्यकारी चेयरमैन वाईसी देवेश्वर को अतिरिक्त पारितोषिक देने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मांगी है. इसमें मासिक 1 करोड़ रुपये का वेतन शामिल है. पिछले साल कंपनी के शेयरधारकों ने सालाना आम बैठक में देवेश्वर को गैर-कार्यकारी निदेशक और चेयरमैन पद पर पांच फरवरी 2017 से तीन साल के लिए नियुक्त किए जाने को मंजूरी दी थी. आईटीसी की नामिनेशन एंड कंपनशेसन कमेटी तथा निदेशक मंडल के अनुरोध पर वह गैर-कार्यकारी चेयरमैन तथा नये कार्यकारी प्रबंधन के संरक्षक के पद पर बने रहने पर सहमति जताई थी.
कंपनी की 28 जुलाई को होने वाली एजीएम की बैठक से पहले एक नोटिस में आईटीसी ने कहा कि देवेश्वर की बड़ी भूमिका को देखते हुए निदेशक मंडल ने उनके लिए अतिरिक्त मेहनताना की मंजूरी दे दी. इसके लिए शेयरधारकों की अनुमति की आवश्यकता है. अतिरिक्त पारितोषिक में एक करोड़ रुपये का वेतन, अवास, उनका और उनकी पत्नी की चिकित्सा खर्च, गाड़ी आदि शामिल हैं. वह हर वित्त वर्ष निदेशक मंडल और समिति की बैठकों में भाग लेने के लिए 30 से 35 लाख रुपये लेने के हकदार होंगे. इसके अलावा कंपनी अपने सीईओ तथा पूर्णकालिक निदेशक संजीव पुरी के लिये 12 लाख रपये मासिक वेतन के लिए भी शेयरधारकों की मंजूरी लेगी.
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)