मुंबई:
थोक महंगाई दर जो सितंबर महीने में बढ़कर 6.46 फीसदी दर्ज की गई, उसके मौजूदा कारोबारी साल की दूसरी छमाही में इसी स्तर के आस-पास बनी रहने की संभावना है। यह बात भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कही।
2013-14 की मौद्रिक नीति की दूसरी तिमाही समीक्षा घोषणा से एक दिन पहले जारी बयान में आरबीआई ने कहा कि उच्च स्तर पर बरकरार उपभोक्ता महंगाई दर चिंता का विषय है।
बैंक ने कहा, "थोक महंगाई दर आरबीआई के सुविधाजनक स्तर से ऊपर है और 2013-14 की दूसरी छमाही में वर्तमान स्तर के आसपास ही रह सकती है। इसके साथ ही उपभोक्ता महंगाई दर का उच्च स्तर पर बने रहना चिंता का विषय बना हुआ है।"
विकास के बारे में आरबीआई ने कहा कि दूसरी छमाही में कृषि उपज और निर्यात में वृद्धि के कारण विकास दर में थोड़ा सुधार हो सकता है। उन्होंने कहा, "विकास में पूरी तेजी कारोबारी साल की समाप्ति के आसपास ही आ सकती है।" आरबीआई मंगलवार को मौद्रिक नीति समीक्षा की घोषणा करेगा।
मौद्रिक नीति समीक्षा घोषणा से एक दिन पहले जारी बयान में में आरबीआई ने कहा कि वह उच्च महंगाई दर और कम विकास दर के बीच मौजूद चिंताओं का समाधान करने की कोशिश करेगा।