यह ख़बर 21 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

महंगाई से फीकी हुई दिवाली की खरीदारी

खास बातें

  • दहाई अंक पर चल रही महंगाई ने इस बार दिवाली पर मध्यम और निम्न आय वर्ग की खरीदारी का उत्साह ठंडा कर दिया।
नई दिल्ली:

दहाई अंक पर चल रही महंगाई ने इस बार दिवाली पर मध्यम और निम्न आयवर्ग की खरीदारी का उत्साह ठंडा कर दिया। उद्योग मंडल एसोचैम के ताजा सर्वेक्षण के अनुसार बढ़ती महंगाई ने इन परिवारों के दिवाली, धनतेरस और भैया दूज त्योहारों की खरीदारी में 35 से 40 प्रतिशत तक कटौती करने पर मजबूर कर दिया। एसोचैम के हाल में किए गए सर्वेक्षण के अनुसार ऊंची मुद्रास्फीति के कारण आम मध्यमवर्गीय परिवार ने त्योहारों के इस मौसम में खर्चों में 35 से 40 प्रतिशत और निम्न आयवर्ग के परिवारों ने 60 प्रतिशत तक खर्चे कम किए हैं। एसोचैम महासचिव डीएस रावत का मानना है कि एक तरफ ऊंची ब्याज दरें और दूसरी तरफ दहाई अंक के करीब चल रही महंगाई दर को देखते हुए अब रिजर्व बैंक को ब्याज दरों में और वृद्धि नहीं करनी चाहिए। इससे पहले से प्रभावित विनिर्माण क्षेत्र को और झटका लगेगा। एसोचैम ने सितंबर और अक्टूबर 2011 दो महीनों के दौरान यह सर्वेक्षण किया है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, पुणे, चंडीगढ़ और देहरादून में यह सर्वेक्षण हुआ। प्रत्येक शहर से 200 से कुछ अधिक लोगों से पूछताछ की गई। सर्वेक्षण के अनुसार खर्च कटौती मामले में दिल्ली सबसे आगे रही। उसके बाद मुंबई दूसरे, अहमदाबाद तीसरे, चंडीगढ़ चौथे और कोलकाता पांचवे स्थान पर रहा। हालांकि, सर्वे कहता है कि 10.62 प्रतिशत पर पहुंची खाद्य मुद्रास्फीति और पिछले डेढ़ साल में ब्याज दरों में साढ़े तीन प्रतिशत तक की वृद्धि के बावजूद उच्चआय वर्ग पर खास असर नहीं पड़ा है। लेकिन ज्यादातर शहरों में मध्यम और निम्न आय वर्ग महंगाई से परेशान दिखा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com