खास बातें
- उत्तरी अमेरिका की महिलाओं के शीर्ष नेतृत्व वाली 50 प्रमुख कम्पनियों में सात कम्पनियों की प्रमुख भारतीय मूल की महिलाएं हैं।
वाशिंगटन: उत्तरी अमेरिका की महिलाओं के शीर्ष नेतृत्व वाली 50 प्रमुख कम्पनियों में सात कम्पनियों की प्रमुख भारतीय मूल की महिलाएं हैं। गैर लाभकारी संस्था 'वोमन प्रेसिडेंट ऑर्गेनाइजेशन' (डब्ल्यूपीओ) और अमेरिकन एक्सप्रेस ओपेन के मुताबिक अमेरिका में 81 लाख उद्यमों की प्रमुख महिलाएं हैं जो देश की अर्थव्यवस्था में 13 खरब डॉलर का योगदान देते हैं और 77 लाख लोगों को रोजगार प्रदान करते हैं। महिलाओं के नेतृत्व वाली शीर्ष 50 कम्पनियों का राजस्व पिछले साल 4.1 अरब डॉलर रहा है। कम्पनियों की इस सूची में न्यूजर्सी स्थित सूचना प्रौद्योगिकी परामर्श कम्पनी आर्टेक इन्फोर्मेशन सिस्टम्स की रंजनी पोद्दार सातवें स्थान पर हैं और इसके बाद टेक्सास स्थित बिजनेस इंटेलीजेंस की रचना अग्रवाल 12वें स्थान पर हैं। ओंटेरियो स्थित एसआईएमएसी की ग्लोरिया राजकुमार (16वें), पीएआरएस एनवायर्नमेंटल की किरण गिल (21वें) और वर्जीनिया स्थित एम्पकस की अंजली रामकुमार (26 वें) इस सूची में शामिल हैं। कैलीफोर्निया स्थित सूचना प्रौद्योगिकी और विपणन कार्मिक कम्पनी की एक्राया की सोनू रात्रा 37 स्थान पर काबिज हैं।