जकार्ता:
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने दिसंबर के शुरू में बाली में होने वाली विश्व व्यापार संगठन की मंत्रिस्तरीय बैठक के बारे में इंडोनेशिया के व्यापार मंत्री गीता विरजवान से बातचीत की।
दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली की महत्ता को बरकरार रखने के लिए बाली में बातचीत का सार्थक परिणाम निकालना आवश्यक है। शर्मा, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ इंडोनेशिया दौरे पर हैं।
जी-33 के देशों के बीच इंडोनेशिया और भारत द्वारा रखे गए खाद्य सुरक्षा प्रस्ताव के मसले पर शर्मा और विरजवान ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि इस बारे में सार्थक निर्णय आवश्यक है और इस निर्णय से ही विकासशील देश खाद्य सुरक्षा के बारे में अपनी प्रतिबद्धता पूरी कर सकते हैं।
द्विपक्षीय मसलों पर विचार करते हुए दोनों नेताओं ने दोनों देशों द्वारा दो वर्ष पहले द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने संबंधी फैसले पर बातचीत शुरू करने की आवश्यकता महसूस की। दोनों नेता दिसंबर, 2013 में द्विपक्षीय बातचीत के लिए मिलेंगे।
शर्मा ने फार्मास्यूटिकल, पशुओं के मांस तथा कपड़ा आयात पर प्रतिबंधात्मक व्यवस्था का मामला भी उठाया। शर्मा के सुझाव पर विरजवान ने इंडोनेशिया के औषधि क्षेत्र में भारत के निवेश का स्वागत किया।