खास बातें
- अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष ने वर्ष 2011 के लिए भारत के आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को कम करके 8.2 प्रतिशत कर दिया है।
वाशिंगटन: अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष ने वर्ष 2011 के लिए भारत के आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को कम करके 8.2 प्रतिशत कर दिया है। संस्था ने आगाह किया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में इस समय दिख रही तेजी की स्थिति ओवर हीटिंग का रूप ले सकती है जहां मौजूदा संसाधनों के जरिए अर्थव्यवस्था की सकल मांग पूरा करना मुश्किल होने लगता है। आईएमएफ ने वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा है कि उभरते और विकासशील देशों के समक्ष तेजी जैसी स्थिति से अर्थव्यवस्था को असामान्य तेजी की ओर बढ़ने से बचने की चुनौती है। मुद्राकोष ने इससे पहले 2011 के दौरान भारत की आर्थिक वृद्धि दर 8.4 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था। रिपोर्ट में भारत में फरवरी की मुद्रास्फीति को ऊंचा बताया गया है। फरवरी में सकल मुद्रास्फीति 8.31 प्रतिशत थी। रिजर्व बैंक ने मार्च के अंत तक मुद्रास्फीति के घट कर 8 प्रतिशत पर आने का अनुमान लगाया है।