अनूपपुर: आपात स्थिति में अपने कर्मचारियों के कीमती जीवन को बचाने के उद्देश्य से निजी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी हिंदुस्तान पॉवर ने देश के शीर्ष अस्पतालों और एयर एंबुलेंस सेवाओं के साथ करार किया है जिसका उद्देश्य प्रभावित कर्मियों को आपात स्थिति में उन अस्पतालों तक पहुंचाना है जहां उन्हें समय रहते बेहतर से बेहतर इलाज मिल सके।
कंपनी के ग्रुप हेड (प्रशासन) प्रवेश तलवार ने बात करते हुए कहा, 'हिंदुस्तान पॉवर प्रबंधन ने ‘आपात सक्रियता’ प्रोटोकॉल तैयार किया है, जिसमें विभिन्न आपात स्थितियां और उनसे निपटने के उपाय शामिल हैं। इसके तहत हमने देश के शीर्ष अस्पतालों और एयर एंबुलेंस सेवाओं के साथ करार किया है। इस प्रोटोकॉल ने हाल ही में हमारे कई कर्मियों और कामगारों की जिंदगी बचाने में मदद की है।' हाल ही में इस प्रोटोकॉल पर अमल करते हुए कंपनी के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से घायलों के लिए कई एंबुलेंस तैनात किए और उन्हें कई अस्पतालों में भर्ती कराकर उनकी जान बचाई गई।
तलवार ने आगे बताया, 'समय-समय पर हम ऐसे हालात से निपटने का मॉक ड्रिल करते रहे हैं और यह अनुभव काफी काम आया। बचाव टीम को यह पता था कि इस स्थिति में करना क्या है और उन्होंने अफरा-तफरी की स्थिति में भी बेहतर तालमेल बनाए रखा। हमारी कामना है कि एयर एंबुलेंस समेत अन्य उपयुक्त सुविधाओं से युक्त ऐसी आपात सक्रियता उद्योग क्षेत्र का प्रोटोकॉल बने।'
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)