खास बातें
- आयुर्वेदिक कंपनी हिमालय ड्रग्स ने ब्रिटेन, जर्मनी तथा फ्रांस के बाजारों में अपने उत्पाद पेश करने की योजना बनाई है।
New Delhi: आयुर्वेदिक कंपनी हिमालय ड्रग्स ने ब्रिटेन, जर्मनी तथा फ्रांस के बाजारों में अपने उत्पाद पेश करने की योजना बनाई है। कंपनी को उम्मीद है इस वित्तवर्ष में उसकी कुल आय बढ़कर 1,250 करोड़ रुपये हो जाएगी। हिमालय ड्रग कंपनी के कार्यकारी अधिकारी रवि प्रसाद ने कहा, हमें मौजूदा वित्त वर्ष में 1,250 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। भारत में हमारे उत्पादों की अच्छी मांग है, जबकि हम निर्यात में बढोतरी पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस जैसे यूरोपीय बाजारों में अपने उत्पाद पेश करने की योजना पर कार्यकर रही है। कंपनी ने 2010-11 में 1,000 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। उन्होंने कहा कि कंपनी के लिए मेडिसिनल उत्पाद हमेशा ही प्रमुख रहेंगे और कुल वृद्धि में भारतीय बाजार तथा विदेशी कारोबार का योगदान समान रहने का अनुमान है। कंपनी इस समय लगभग 200 तरह की आयुर्वेदिक औषधियों एवं उत्पादों का कारोबार कर रही है।