खुशी है कि नोटबंदी का सबसे ज्यादा लाभ मुझे हुआ है : केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू

खुशी है कि नोटबंदी का सबसे ज्यादा लाभ मुझे हुआ है : केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू

नायडू ने कहा कि यदि टैक्स दायरा व्यापक होता है, तो इससे ब्याज दरें नीचे आएंगी.

खास बातें

  • हाउसिंग सेक्टर में ब्याज दरें नीचे आई हैं : नायडू
  • 'इस मंत्रालय का प्रमुख होने के नाते मुझे नोटबंदी का सबसे अधिक लाभ'
  • 'नोटबंदी से अधिक लोग टैक्स के दायरे में आएंगे'
विशाखापट्टनम:

केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को कहा कि नोटबंदी से हाउसिंग सेक्टर को सबसे अधिक लाभ हुआ है, क्योंकि ब्याज दरें नीचे आई हैं. नायडू ने कहा, 'मुझे खुशी है कि मुझे नोटबंदी का सबसे अधिक लाभ हुआ है, क्योंकि मैं आवास मंत्रालय का प्रमुख हूं. आवास क्षेत्र की ब्याज दरें नीचे आई हैं.' उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्त मंत्री अरुण जेटली 1 फरवरी को आम बजट में और प्रोत्साहनों की घोषणा करेंगे.

शहरी विकास, आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री ने नायडू ने विशाखापट्टनम में निवेशक सम्मेलन में नोटबंदी के बाद 15 लाख करोड़ रुपये बैंकिंग प्रणाली में वापस आने के मद्देनजर इसके लाभों पर संदेह जताने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे अधिक लोग टैक्स के दायरे में आएंगे.

नायडू ने कहा, 'प्रत्येक नोट बैंक में वापस आया है और उसके साथ एक पता भी है. यह काला है या सफेद इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा.' उन्होंने कहा कि यदि टैक्स दायरा व्यापक होता है, तो इससे ब्याज दरें नीचे आएंगी.

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण इलाकों में सस्ता होम लोन सुनिश्चित करने तथा लोगों से मासिक किस्त (ईएमआई) के बोझ को कम करने के लिए केंद्र ने इसी सप्ताह प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नहीं आने वाले परिवारों के लिए 2 लाख रुपये तक के होम लोन पर तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी को मंजूरी दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नव वर्ष की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में इसकी घोषणा की थी.

योजना के तहत ग्रामीण इलाकों के लोगों को नया मकान बनाने या मौजूदा पक्के घर का विस्तार करने की सुविधा भी मिलेगी. राष्ट्रीय आवास बैंक (एनएचबी) इस योजना का क्रियान्वयन करेगा और सरकार इसमें शुद्ध मौजूदा मूल्य पर तीन प्रतिशत की ब्याज सहायता प्रदान करेगी. (इनपुट भाषा से)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com