नई दिल्ली:
रिजर्व बैंक द्वारा सोने के आयात पर अंकुशों में ढील के बाद गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 800 रुपये लुढ़ककर नौ माह के निचले स्तर 28,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
नरम मांग और कमजोर वैश्विक रख का असर भी इस बहुमूल्य धातु की कीमत पर पड़ा। चांदी में सीमित नरमी रही और यह 50 रुपये टूटकर 41,650 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
रिजर्व बैंक ने बैंकों के अलावा बुधवार को चुनिंदा ट्रेडिंग फर्मों को भी सोने के आयात की अनुमति दे दी है। केंद्रीय बैंक के इस कदम के बाद स्टॉकिस्टों के माल निकालने से सोने के दाम नीचे आ गए। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्रीय बैंक के इस कदम के बाद सोने की आपूर्ति बढ़ेगी और घरेलू बाजार में इसकी कीमतों में गिरावट आएगी।
रिजर्व बैंक ने पिछले साल जुलाई में चालू खाते के बढ़ते घाटे पर लगाम के लिए सोने के आयात पर कई तरह के अंकुश लगाए थे। केंद्रीय बैंक ने पाबंदियों के तहत केवल बैंकों या अधिकृत एजेंटों को सोना आयात की छूट दे रखी थी और आयातित माल का 20 प्रतिशत निर्यात करना अनिवार्य किया गया था।
घरेलू मोर्चे पर सोना 99.9 व 99.5 शुद्धता प्रत्येक में 800 रुपये की गिरावट आई और यह क्रमश: 28,550 रुपये प्रति 10 ग्राम व 28,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले सोने ने यह स्तर पिछले साल 8 अगस्त को देखा था। दूसरी ओर, चांदी 50 रुपये टूटकर 41,650 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वहीं चांदी साप्ताहिक डिलिवरी 210 रुपये की गिरावट के साथ 40,990 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।