नई दिल्ली: सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन तेजी जारी रही. विदेशों में मजबूती के रुख और स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की सतत लिवाली से राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में आज सोना 150 रुपये की तेजी के साथ 29,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.
हालांकि औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठान घटने के कारण चांदी की कीमत में 50 रुपये की गिरावट के साथ 41,250 रुपये प्रति किलो रह गई.
बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों में मजबूती के रुख, जहां सोने का भाव 1,200 डॉलर प्रति औंस हो गया, के अलावा घरेलू हाजिर बाजार में शादी विवाह के सीजन से पहले फुटकर मांग को पूरा करने के लिए आभूषण विक्रेताओं की लिवाली गतिविधियों बढ़ने से सोने में तेजी आई.
वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.75 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,200 डॉलर प्रति औंस हो गया. जबकि चांदी की 0.87 प्रतिशत की तेजी के साथ 16.84 डॉलर प्रति औंस हो गई.
राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता की कीमत 150-150 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 29,250 रुपये और 29,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. इससे पूर्व यह स्तर तीन दिसंबर को देखने को मिला था जब यह 29,250 रुपये पर बंद हुई थी. पिछले दो दिनों में बहुमूल्य धातु की कीमत में 400 रुपये की तेजी आई है. गिन्नी की कीमत 100 रुपये की तेजी के साथ 24,300 रुपये प्रति आठ ग्राम हो गई.
दूसरी ओर चांदी तैयार की कीमत 50 रुपये की गिरावट के साथ 41,250 रुपये प्रति किलो रह गई, जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 55 रुपये की तेजी के साथ 41,200 रुपये प्रति किलो हो गई.
हालांकि चांदी सिक्कों की कीमत लिवाल 72,000 रुपये और बिकवाल 73,000 रुपये प्रति सैंकड़ा पर स्थिरता का रख लिए बंद हुई.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)