चार साल के निचले स्तर पर पहुंचा सोना, नौवें दिन भी दिखी गिरावट

फाइल चित्र

नई दिल्ली:

वैश्विक बाजार में लगातार नौवें दिन सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई। मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई और ये 150 रुपये टूट कर 25,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

चार साल में यह सोने का न्यूनतम स्तर है। आभूषण विक्रेताओं की लिवाली के अभाव में भी सोने की स्थानीय कीमतें प्रभावित हुई हैं। औद्योगिक इकाइयों की ताजा मांग निकलने से चॉंदी में कुछ चमक आयी और यह 100 रुपये सुधर कर 34,300 रुपये प्रति किग्रा पर पहुंच गयी। बाजार सूत्रों ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावनाओं के बीच वैश्विक स्तर पर सोने की बिकवाली बढ़ने तथा डॉलर की मजबूती का भी सोने के भाव पर असर पड़ा है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सूत्रों ने कहा कि इस समय सोने का स्थानीय भाव चार साल के न्यूनतम स्तर पर है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार के मद्देनजर वहां का फेडरल रिज़र्व नज़दीकी समय में नीतिगत ब्याज दर बढ़ाने का मन बना रहा है। इससे डॉलर मजबूत हुआ है और सोने की मांग कमजोर हुई है।