अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर इसी साल बढ़ाए जाने की अटकलों के बीच दुनिया में बहुमूल्य धातुओं की निवेश संबंधी मांग प्रभावित हुई है और सोने के भाव लगातार घट रहे हैं।
कोलकाता में सोना (22 कैरेट) 235 रुपये की गिरावट के साथ 23,985 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, मुंबई में इसका भाव 300 रुपये गिरकर 24,820 रुपये पर टिका।
बाजार सूत्रों ने कहा कि गोल्डमैन साक्स का अनुमान है कि सोना अभी और सस्ता होगा। ऐसे अनुमानों के बीच न्यूयार्क में सोने में लगातार 10वें दिन गिरावट आई और इसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा।
अमेरिका द्वारा इस वर्ष ब्याज दर बढ़ाने की उम्मीदों और डॉलर मजबूत होने के कारण सोने की मांग प्रभावित हुई, जिससे वैश्विक स्तर पर सोने में गिरावट देखने को मिली।
राष्ट्रीय राजधानी में सोना स्टैंडर्ड की दर 300 रुपये की गिरावट के साथ 25,250 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई जो आठ अगस्त 2011 के बाद का सबसे कमजोर स्तर है, जबकि चेन्नई में स्टैंडर्ड सोना 290 रुपये की गिरावट के साथ 25,220 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
एमसीएक्स के वायदा कारोबार में भी अगस्त महीने में डिलीवरी वाले स्वर्ण अनुबंध की कीमत 322 रुपये अथवा 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,575 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई थी।
वैश्विक स्तर पर सोना 1.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,089.70 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.7 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14.73 डॉलर प्रति औंस के भाव पर आ गई। सोमवार को सोने का भाव 1,086.18 डॉलर प्रति औंस था जो मार्च 2010 के बाद का निम्नतम स्तर है।
राजधानी में आर के ज्वैलर्स के राकेश आनंद ने कहा, आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में और गिरावट आने के अनुमानों के कारण लिवाल अपनी खरीदारी को टाल रहे हैं।
चेन्नई में सोने की ही तरह चांदी की कीमत भी 205 रुपये की गिरावट के साथ 33,825 रुपये प्रति किलो रह गई जबकि राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमत 200 रुपये की गिरावट के साथ 34,100 रुपये प्रति किलो रह गई।
कोलकाता में इसकी कीमत 100 रुपये की गिरावट के साथ 34,050 रुपये प्रति किलो रह गई तथा मुंबई में चांदी की कीमत 90 रुपये की गिरावट के साथ 34,635 रुपये प्रति किलो रह गई।
एमसीएक्स में चांदी के सितंबर डिलीवरी वाले अनुबंध के भाव 359 रुपये अथवा 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 33,663 रुपये प्रति किलो रह गए।