खास बातें
- गद्दाफी द्वारा तेल उत्पादक कस्बों पर दोबारा कब्जा किए जाने के बाद कच्चे तेल की कीमत 107 डॉलर प्रति बैरल की ऊंचाई पर पहुंची।
न्यूयार्क: लीबिया के शासक मुअम्मार गद्दाफी की सेना द्वारा तेल उत्पादक कस्बों रास लानुफ और ब्रेगा में विद्रोहियों को पीछे हटाकर दोबारा कब्जा किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 107 डॉलर प्रति बैरल की ऊंचाई पर पहुंच गई। न्यूयॉर्क मर्केंटाइल एक्सचेंज पर लाइट स्वीट क्रूड मई वायदा 2.45 डॉलर (2.35 प्रतिशत) बढ़कर 106.72 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर बंद हुआ जो कि सितम्बर 2008 के बाद का सबसे ऊंचा अंतिम स्तर है। लंदन में कच्चा तेल मई वायदा का भाव भी 117 डॉलर प्रति बैरल की ऊंचाई पर पहुंच गया। लीबिया से प्रतिदिन 1.6 अरब बैरल कच्चे तेल का निर्यात होता था जो कि फरवरी मध्य में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के चलते बंद हो गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक सीरिया, यमन और बहरीन में भी राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल के दामों पर दबाव बना हुआ है।