यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली, मुंबई हवाई अड्डों पर एक जनवरी से नहीं लगेगा विवादास्पद विकास शुल्क

खास बातें

  • दिल्ली और मुंबई से हवाई यात्रा करना आने वाले दिनों में कुछ सस्ता होगा। सरकार ने दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डे पर लगने वाला हवाई अड्डा विकास शुल्क (एडीएफ) 1 जनवरी से हटाने का मंगलवार को निर्णय किया।
नई दिल्ली:

दिल्ली और मुंबई से हवाई यात्रा करना आने वाले दिनों में कुछ सस्ता होगा। सरकार ने दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डे पर लगने वाला हवाई अड्डा विकास शुल्क (एडीएफ) 1 जनवरी से हटाने का मंगलवार को निर्णय किया।

साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय हवाई अड्डा विकास प्राधिकरण (एएआई) को दोनो संयुक्त उद्यम में और इक्विटी डालने का निर्देश दिया।

फिलहाल दिल्ली हवाई अड्डे पर एडीएफ घरेलू यात्रियों से 200 रुपये तथा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से 1,300 रुपये लिया जाता है। मुंबई में घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए यह क्रमश: 100 रुपये तथा 600 रुपये है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. (एमआईएएल) तथा दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लि. (डीआईएएल) से दोनों हवाई अड्डों पर 1 जनवरी से एडीएफ समाप्त करने तथा उसके अनुसार हवाई अड्डा आर्थिक नियामकीय प्राधिकरण (एईआरए) के समक्ष प्रस्ताव जमा करने को कहा है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पहले नागर विमानन मंत्रालय ने एएआई को चेन्नई तथा कोलकाता हवाई अड्डों पर एडीएफ का प्रस्ताव आगे बढ़ाने से मना किया था। दोनों हवाई अड्डों को आधुनिक रूप दिए जाने का काम जारी है। हवाई अड्डा को उन्नत बनाने की परियोजना को पूरा करने के लिये वित्त की कमी को पूरा करने हेतु एडीएफ लगाया जाता है।