यह ख़बर 09 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

नौकरी के लिए भारत की राह पकड़ रहे हैं विदेशी

खास बातें

  • ज्यादातर पश्चिमी अर्थव्यवस्थाओं में नियुक्ति गतिविधियां ठंडी पड़ने के बाद अब पहले से ज्यादा विदेशी नौकरी के लिए भारत की ओर निगाह लगाए हैं।
Mumbai:

ज्यादातर पश्चिमी अर्थव्यवस्थाओं में नियुक्ति गतिविधियां ठंडी पड़ने के बाद अब पहले से ज्यादा विदेशी नौकरी के लिए भारत की ओर निगाह लगाए हैं। ऐसे लोगों में खासकर अमेरिका और यूरोप के लोग अधिक है। नौकरियों के बाजार से जुड़ी वेबसाइट हेडहंटर्स के अनुसार, इस रुख की वजह से इस साल अभी तक भारतीय कंपनियों में विदेशियों की नियुक्तियों में 20 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है। उद्योग के अनुमान के अनुसार, इस समय देशभर में विभिन्न उद्योगों में 40,000 विदेशी काम कर रहे हैं। नियुक्ति प्रक्रिया आउटसोर्सिंग फर्म इलिक्जिर के सलाहकार प्रबंधक (इंटरनेशनल प्रैक्टिस) रत्नेश कुमार ने कहा कि पिछले साल से सभी स्तरों पर विदेशियों की नियुक्तियों में 15 से 20 फीसदी का इजाफा हुआ है। इसकी वजह यह है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से है और यहां रोजगार के काफी अवसर मौजूद हैं। कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में विदेशी आज भारत में नौकरी करना चाहते हैं, क्योंकि उनके देश में रोजगार के अवसर घट रहे हैं। साथ ही आउटसोर्सिंग और कर की ऊंची दरों की वजह से भी वे यहां आकर नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भारत का अनुभव भी उनके व्यक्तिगत विवरण को समृद्ध करता है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com