खास बातें
- खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 26 मार्च को समाप्त सप्ताह में घटकर 4 महीने के निचले स्तर 9.18% पर आ गई। पिछले सप्ताह में यह दर 9.50% थी।
New Delhi: खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 26 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में घटकर चार महीने के निचले स्तर 9.18 प्रतिशत पर आ गई। इससे पिछले सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति 9.50 प्रतिशत थी। खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति पिछली बार गत वर्ष 27 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में इस स्तर से नीचे थी। साप्ताहिक आधार पर खाद्य मुद्रास्फीति में इस गिरावट के बावजूद साल दर साल आधार पर खाने-पीने की चीजें अब भी ऊंची बनी हुई है। समीक्षाधीन सप्ताह में फल एक साल पहले की तुलना में 25.40 प्रतिशत तक महंगे रहे। इसी तरह, अंडा, मीट और मछली 12.80 प्रतिशत और दूध के दाम पिछले साल इसी समय की तुलना में 3.87 प्रतिशत ऊंचे थे। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दालों की कीमतें सालाना आधार पर 5.39 प्रतिशत तक नीचे रहीं। वार्षिक आधार पर, अनाज की कीमत 3.62 प्रतिशत बढ़ी, जबकि चावल और गेहूं की कीमतों में क्रमश: 2.08 प्रतिशत और 0.29 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं सब्जियों के दाम 11.41 प्रतिशत बढ़े। इसी तरह, आलू भी 5.30 प्रतिशत और प्याज के दाम 8.48 प्रतिशत ऊंचे थे। सप्ताह के दौरान गैर-खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 27.56 प्रतिशत रही। उल्लेखनीय है कि पिछले वित्तवर्ष में ज्यादातर समय खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति 10 प्रतिशत से ऊपर रही। फरवरी के अंतिम सप्ताह से इसमें नरमी का रुख बना हुआ है।