खास बातें
- विनिर्माण और खनन क्षेत्रों के खराब प्रदर्शन के कारण औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में गिरावट दर्ज की गई है।
New Delhi: विनिर्माण और खनन क्षेत्रों के खराब प्रदर्शन के कारण औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में गिरावट दर्ज की गई है। इस साल फरवरी महीने में यह महज 3.6 प्रतिशत रही, जो इससे पूर्व वर्ष के समान महीने में 15.1 प्रतिशत थी। हालांकि वर्ष 2011 के अलोच्य महीने में 17 औद्योगिक समूह में से 15 की वृद्धि दर सकारात्मक रही। आलोच्य महीने में औद्योगिक वृद्धि दर इस साल जनवरी महीने की तुलना में भी कम है। जनवरी में संशोधित औद्योगिक वृद्धि दर 3.95 प्रतिशत थी। पूर्व में इसके 3.7 प्रतिशत रहने की बात कही गयी थी। यहां जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2010-11 में अप्रैल-फरवरी के दौरान औद्योगिक वृद्धि दर सालाना आधार पर 7.8 प्रतिशत रही जबकि 2009-10 में अप्रैल-फरवरी के दौरान यह 10 प्रतिशत थी। वर्ष 2011 के फरवरी महीने में विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि 3.5 प्रतिशत रही जो इससे पूर्व वर्ष की समान माह में 16.1 प्रतिशत थी। इसी प्रकार, पूंजीगत वस्तु क्षेत्र की वृद्धि दर में आलोच्य महीने में 18.4 प्रतिशत की गिरावट आयी जबकि 2010 के फरवरी महीने में इसमें 46.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी थी। हालांकि उपभोक्ता गैर-टिकाउ क्षेत्र की वृद्धि दर 6.1 प्रतिशत रही जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में इसमें 0.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी।