यह ख़बर 15 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2जी घोटाले में विदेशी धन का पता लगा : ईडी

खास बातें

  • ईडी ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में करोड़ों रुपये के विदेशी लेनदेन का पता लगा है।
New Delhi:

प्रवर्तन निदेशालय :ईडी: ने मंगलवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में करोड़ों रुपये के विदेशी लेनदेन का पता लगा है जिसके तार कम से कम छह देशों से जुड़े हैं और मामले में 31 कंपनियां जांच के दायरे में हैं। एजेंसी ने न्यायमूर्ति जीएस सिंघवी और न्यायमूर्ति एके गांगुली की एक पीठ के समक्ष घोटाले की जांच की नवीनतम स्थिति रपट एक सीलबंद लिफाफे में पेश की। इस रपट में कहा गया है कि एजेंसी धन के स्रोत का पता लगाने में विदेशी एजेंसियों की मदद ले रही है। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता के के वेणुगोपाल ने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के संबंध में सिंगापुर, साइप्रस, जर्सी और वर्जिन आइलैंड को अनुरोध पत्र भेजे गए हैं। इसी तरह के पत्र दो और देशों को भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 31 कंपनियों को समन जारी किए गए हैं और 26 कंपनियों के बयान दर्ज किए गए हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि घोटाले में कुछ हवाला आपरेटर भी शामिल हैं और उनके परिसरों पर छापे मारे गए हैं और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनसे पूछताछ की गई है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com