खास बातें
- प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विश्वास जताया कि देश की अर्थव्यवस्था मौजूदा कठिनाईयों को पार कर ले जाएगी और भारतीय अर्थव्यवस्था के पिछड़ने की बात करने वाले गलत साबित होंगे।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विश्वास जताया कि देश की अर्थव्यवस्था मौजूदा कठिनाईयों को पार कर ले जाएगी और भारतीय अर्थव्यवस्था के पिछड़ने की बात करने वाले गलत साबित होंगे।
सिंह ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष की प्रगति रिपोर्ट की भूमिका में कहा कि विश्व अर्थव्यवस्था के मुश्किल रहे इस दौर में भारतीय अर्थव्यवस्था ने पूरी कुशलता से काम किया है, अधिकांश देश मंदी और बहुत से देश सामाजिक उथल-पुथल से गुजर रहे हैं, जिसका प्रभाव हमारे देश पर भी पड़ा है। बावजूद इसके 2011-12 में हमारी आर्थिक वृद्धि दर सात प्रतिशत रही जो विश्व में सर्वाधिक ऊंची दरों में से एक है।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि कठिनाइयों के बावजूद हम पहले की ही तरह उन लोगों को गलत साबित कर देंगे जो भारतीय अर्थव्यवस्था के पिछड़ने की बात करते हैं।’ उन्होंने देश को अपने किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, इंजीनियरों और वैज्ञानिकों की मेहनत, प्रतिभा और कुशलता का भरोसा रखने की अपील की।
सिंह ने कहा, ‘विगत सात वर्षों की तरह हमने पिछले वर्ष भी जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए कड़ा परिश्रम किया और अपने लक्ष्यों के संदर्भ में हमने अच्छी प्रगति की है।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी पहली प्राथमिकता देशवासियों की आर्थिक सुरक्षा और उनके कल्याण को सुनिश्चित करना है।’