पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 50 पैसे की गिरावट के साथ 81.28 के भाव पर बंद हुआ था.
नई दिल्ली: Dollar Vs Rupee : सकारात्मक आर्थिक आंकड़ों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बीच भारतीय रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले शुरुआती कारोबार में 14 पैसे मजबूत होकर 81.14 के भाव पर पहुंच गया. विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी पूंजी की आवक बनी रहने से भी भारतीय मुद्रा को समर्थन मिल रहा है. अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 81.18 के भाव पर मजबूती के साथ खुला और थोड़ी ही देर में यह 81.14 के स्तर तक भी पहुंच गया. इस तरह पिछले बंद भाव के मुकाबले रुपये में 14 पैसे की मजबूती दर्ज की गई.
पिछले कारोबारी सत्र में डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे की भारी गिरावट के साथ 81.28 के भाव पर बंद हुआ था.
इस बीच छह मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.30 प्रतिशत बढ़कर 106.97 पर पहुंच गया. अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.13 प्रतिशत नुकसान के साथ 93.02 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.
भारतीय शेयर बाजारों के दोनों प्रमुख सूचकांकों ने मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान मिली बढ़त को थोड़ी ही देर में गंवा दी. सेंसेक्स शुरुआती कारोबार के करीब आधे घंटे बाद 166.7 अंक गिरकर 61,457.45 अंक पर आ गया जबकि निफ्टी 37.10 अंक की गिरावट के साथ 18,292.05 के लेवल पर कारोबार करता दिखाई दिया.
सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों को अनुसार, खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में घटकर 6.7 प्रतिशत पर आ गई,जबकि थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं की मंद दरों के कारण 19 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई है.
भारतीय बाजारों में विदेशी निवेशकों के निवेश का सिलसिला जारी है. विदेशी निवेशक जमकर भारतीय शेयर खरीद रहे हें. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक विदेशी निवेशकों ने सोमवार को 1,089.41 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)