भारतीय रुपया 34 पैसे की गिरावट के साथ 81.25 प्रति डॉलर पर बंद

Dollar Vs Rupee: वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने और कमजोर एशियाई मुद्राओं के कारण भारतीय रुपये में गिरावट आई है.

भारतीय रुपया 34 पैसे की गिरावट के साथ 81.25 प्रति डॉलर पर बंद

बाजार सूत्रों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की धारणा कमजोर होने से रुपया प्रभावित हुआ है.

नई दिल्ली:

Dollar Vs Rupee: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 34 पैसे की गिरावट के साथ 81.25 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ. निराशाजनक व्यापार आंकड़ों तथा विदेशी कोषों की निकासी के कारण रुपये में गिरावट आई है. बाजार सूत्रों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की धारणा कमजोर होने से रुपया प्रभावित हुआ है. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.41 पर खुला. आज कारोबार के दौरान रुपया 81.23 के दिन के उच्चस्तर और 81.58 के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे की गिरावट के साथ 81.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. यह पिछले कारोबारी सत्र में 37 पैसों की तेजी के साथ 80.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा में अनुसंधान विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने और कमजोर एशियाई मुद्राओं के कारण भारतीय रुपये में गिरावट आई है. इसके अलावा एफआईआई की निकासी से भी रुपया प्रभावित हुआ है. इस बीच,दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.28 प्रतिशत कमजोर होकर 106.10 रह गया. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.47 प्रतिशत घटकर 94.30 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 107.73 अंक की तेजी के साथ 61,980.72 अंक पर बंद हुआ.शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे. उन्होंने मंगलवार को 221.32 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं.
 



(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)