खास बातें
- सरकार ने शुक्रवार को बताया कि भारत पर कुल विदेशी कर्ज 305.9 अरब डॉलर है, लेकिन यह सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का महज 17.2 प्रतिशत है।
New Delhi: सरकार ने शुक्रवार को बताया कि भारत पर कुल विदेशी कर्ज 305.9 अरब डॉलर है, लेकिन यह सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का महज 17.2 प्रतिशत है। लोकसभा में पीआर नटराजन और सुरेन्द्र सिंह नागर के प्रश्न के उत्तर में वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा, हमारा विदेशी कर्ज घटा है और ऐसा विरले ही देखने को मिला है, जब हमारा विदेशी मुद्रा भंडार, विदेशी कर्ज से अधिक हो गया हो। अभी हमारा विदेशी कर्ज 305.9 अरब डॉलर है, जबकि विदेशी मुद्रा भंडार 319 अरब डॉलर है। उन्होंने कहा कि विदेशी कर्ज लगातार घट रहा है। 1991 में जीडीपी की तुलना में विदेशी कर्ज का अनुपात 28.7 प्रतिशत था। हालांकि 2003 में यह घटकर 18 प्रतिशत आ गया और अभी यह 17.2 प्रतिशत है। प्रणब ने कहा, आज हम बेहतर स्थिति में हैं और प्रति व्यक्ति कर्ज में कमी आई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक मार्च, 2011 में कुल विदेशी कर्ज 305.9 अरब डॉलर था, जिसमें दीर्धावधि कर्ज 240.9 अरब डॉलर और अल्पावधि कर्ज 65 अरब डॉलर था। जबकि दिसंबर 2010 में कुल विदेशी कर्ज 295.9 अरब डॉलर थी, जिसमें दीर्धावधि कर्ज 234.8 अरब डॉलर और अल्पावधि कर्ज 61.1 अरब डॉलर थी।