खास बातें
- अर्थव्यवस्था में तेजी का बुलबुला फूटने की आशंका और सख्त मौद्रिक नीति के चलते समय-समय में ब्याज दरों में वृद्धि से यह स्थिति बनी है।
बीजिंग: चीन के उद्योग धंधों में सुस्ती के संकेत हैं। चीन का व्यावसायिक परिवेश सूचकांक पहली तिमाही में घटकर 133.8 अंक रह गया। अर्थव्यवस्था में तेजी का बुलबुला फूटने की आशंका और ऊंची मुद्रास्फीति पर अंकुश के लिए सख्त मौद्रिक नीति के चलते समय-समय में ब्याज दरों में वृद्धि से यह स्थिति बनी है। अब इस पर चिंता बढ़ने लगी है। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) के अनुसार कारोबारी प्रदर्शन सूचकांक पहली तिमाही में गिरकर 133.8 के स्तर पर आ गया। पिछले साल इसी अवधि में सूचकांक 138 अंक पर था। ब्यूरो ने कहा कि कड़ी मौद्रिक नीति और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की तरफ बढ़ते कदमों से चिंता बढ़ रही है। चीन के केंद्रीय बैंक ने मुद्रास्फीति और अर्थव्यवस्था में तेजी का बुलबुला फूटने की आशंका में तेजी पर लगाम लगाने के लिए पिछले दिनों कई कदम उठाए। केंद्रीय बैंक ने मंगलवार को वार्षिक उधारी की बेंचमार्क दर को एक-चौथाई बढ़ाकर 6.31 प्रतिशत और जमा दर बढ़ाकर 3.25 प्रतिशत कर दी। बैंक छह माह से भी कम अवधि में चार बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर चुका है। कारोबारी परिवेश सूचकांक वृहद आर्थिक माहौल और भविष्य के घटनाक्रमों की तरफ इशारा करने वाला प्रमुख सूचकांक है। एचएसबीसी हॉल्डिंग्स ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट में कहा कि ऋण लागत में बढ़ोतरी से आर्थिक वृद्धि में सुस्ती आ सकती है और चीन की कंपनियों पर दबाव बढ़ेगा।