यह ख़बर 28 फ़रवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

दो हजार रुपये से अधिक मूल्य का मोबाइल हैंडसेट महंगा होगा

खास बातें

  • वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने वित्त वर्ष 2013-14 के बजट में 2,000 रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन पर उत्पाद शुल्क को बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है।
नई दिल्ली:

वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने वित्त वर्ष 2013-14 के बजट में 2,000 रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन पर उत्पाद शुल्क को बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है। इससे मोबाइल हैंडसेट महंगा हो जाएगा हालांकि, 2,000 रुपये से कम के मोबाइल पर मौजूदा एक प्रतिशत का रियायती उत्पाद शुल्क बरकरार रखा गया है।

इसके अलावा बजट प्रस्तावों में 800 सीसी से अधिक क्षमता वाली मोटरसाइकिलों पर सीमा शुल्क की दर को 75 से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया गया है। साथ ही इतनी क्षमता की नावों या जलयानों पर भी सीमा शुल्क की दर को 10 से बढ़ाकर 25 फीसद किए जाने का प्रस्ताव है।

वित्तमंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि देश का अमीर वर्ग अत्यधिक कीमत वाले वाहनों, मोटरसाइकिलों, नावों और ऐसी ही आयातित विलासिता की वस्तुओं का उपभोग करता है और उसे थोड़ा अतिरिक्त शुल्क देने पर ऐतराज नहीं होना चाहिए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

चिदंबरम ने इसके साथ ही सेट टॉप बॉक्स के घरेलू विनिर्माण और मूल्यवर्धन को प्रोत्साहन देने के लिए इस पर लगने वाले उत्पाद शुल्क को 5 से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है।