खास बातें
- बोइंग के नए एयरक्राफ्ट 787 ड्रीमलाइनर ने बुधवार को अपनी पहली कमर्शियल उड़ान के लिए टोक्यो से हांगकांग की उड़ान भरी।
टोक्यो: विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग के नए एयरक्राफ्ट 787 ड्रीमलाइनर ने बुधवार को अपनी पहली कमर्शियल उड़ान भरी। 264 सीटों वाला ड्रीमलाइनर पहली उड़ान में टोक्यो से हांगकांग गया। ऑल निपॉन एयरवेज ने पहली फ्लाइट की छह बिजनेस क्लास सीटों की नीलामी की थी, जिससे कंपनी को 34 हजार डॉलर से अधिक की राशि मिली। हालांकि नीलामी से आया यह पैसा पर्यावरण संगठनों को दिया जाएगा। इस विमान को तीन साल पहले ही ये उड़ान भरनी थी, लेकिन प्रोडक्शन में देरी के चलते ये मौका टलता गया। इस देरी के चलके इसकी लागत अरबों डॉलर बढ़ गई, लेकिन एयरक्राफ्ट डिजाइन के मामले में इसे मील का पत्थर माना जा रहा है। साथ ही ईंधन के मामले में यह सबसे किफायती विमान है, क्योंकि ये विमान कार्बन फाइबर और प्लास्टिक से बने होने की वजह से काफी हल्का है। बोइंग ने 2013 से हर महीने 13 ड्रीमलाइनर बनाने की योजना बनाई है। बोइंग का कहना है कि उसे अब तक 800 विमानों के ऑर्डर मिल चुके हैं।