खास बातें
- आईफोन और आईपैड बनाने वाली कंपनी एप्पल की नींव रखने वाले और कंपनी के पूर्व सीईओ स्टीव जॉब्स का निधन हो गया है।
New Delhi: आईफोन और आईपैड बनाने वाली कंपनी एप्पल की नींव रखने वाले और कंपनी के पूर्व सीईओ स्टीव जॉब्स का निधन हो गया है। वो सात सालों से कैंसर से पीड़ित थे और दो साल पहले लिवर ट्रांसप्लांट भी करवाया था। अपनी बीमारी के चलते उन्होंने अगस्त में ही टिम कुक को एप्पल की कमान सौंपी थी। इस भरोसे के साथ कि एप्पल के सबसे अच्छे और रचनात्मक दिन अभी आगे आएंगे। सीईओ के पद से इस्तीफे के बाद भी वो एप्पल के चेयरमैन के पद पर बने हुए थे। कंपनी ने जॉब्स के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि स्टीव अपने पीछे एक ऐसी कंपनी छोड़ गए हैं जिसे सिर्फ वही बना सकते थे। उनकी आत्मा हमेशा ही एप्पल की बुनियाद रहेगी। एप्पल के चेयरमैन स्टीव जॉब्स का निधन आईफोन के नए मॉडल 4एस के लॉन्च के एक दिन बाद ही हो गया। उन्होंने हाई स्कूल के अपने दोस्त स्टीफ़न के साथ मिलकर 1976 में एप्पल की नींव रखी थी। स्टीव जॉब्स ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत की बदौलत टेक्नोलॉजी और कंप्यूटर के क्षेत्र में एप्पल को पहली कतार की कंपनियों में ला खड़ा किया। डिज़िटल टेक्नोलॉजी को बदलने का श्रेय स्टीव जॉब्स को ही जाता है। 2001 में आई−पॉड लॉन्च करके दुनिया को ये दिखाया कि किस तरह एक हज़ार गानों का बैंक हमेशा अपने साथ रखा जा सकता है। 2007 में वो टच स्क्रीन आई−फ़ोन ले आए और पिछले साल टैबलेट साइज टच कंप्यूटर आई−पैड लॉन्च करके कंप्यूटर बाजार में अपनी धाक जमा ली। ये उन्हीं की बदौलत है कि एप्पल कंपनी के प्रोडक्ट दुनियाभर में हाथोंहाथ बिकते हैं और लोगों को इनका हमेशा इंतजार रहता है।