खास बातें
- कपड़ा कंपनी आलोक इंडस्ट्रीज अपनी क्षमताओं का विस्तार करने के लिए अगले चार साल में 2,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी।
New Delhi: कपड़ा कंपनी आलोक इंडस्ट्रीज अपनी क्षमताओं का विस्तार करने के लिए अगले चार साल में 2,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी। आलोक इंडस्ट्रीज के मुख्य वित्तीय अधिकारी सुनील खंडेलवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, हम 2014-15 तक हर वित्तवर्ष में लगभग 450 करोड़ रुपये क्षमता विस्तार पर खर्च करेंगे। इसमें से ज्यादातर राशि पॉलिएस्टर क्षमता बढ़ाने में जाएगी। कंपनी का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय तथा घरेलू बाजारों में पॉलिएस्टर की मांग बढ़ रही है। कंपनी अपनी पॉलिएस्टर उत्पादन क्षमता को 750 टन प्रतिदिन से 1,400 टन प्रति दिन करना चाहती है। नई क्षमता इसी साल जुलाई-अगस्त तक उपलब्ध होगी। कंपनी पिछले छह साल से क्षमता विस्तार में 7,000 करोड़ रुपये निवेश करने की प्रक्रिया में है। कंपनी ने बीते साल सिलवासा कारखाने की क्षमता बढ़ाने में 700 करोड़ रुपये का निवेश किया था। उन्होंने बताया कि कंपनी विस्तार परियोजनाओं पर निवेश आंतरिक संसाधनों से कर रही है।