खास बातें
- मंत्री वयलार रवि ने लोकसभा को बताया कि एयर इंडिया द्वारा भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण को 720 करोड़ रूपये बकाये का भुगतान किया जाना है।
नई दिल्ली: देश में परिचालन कर रही विभिन्न एयरलाइनरों से भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण को 1122 करोड़ रूपये वसूलने हैं। नागर विमानन मंत्री वयलार रवि ने बुधवार को लोकसभा को एक लिखित जवाब में बताया कि 31 जनवरी 2011 की स्थिति के अनुसार एयर इंडिया द्वारा भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण को 720 करोड़ रूपये बकाये का भुगतान किया जाना है। उन्होंने बताया कि किंगफिशर को 257.62 करोड़ रूपये, गो एयर को 6 .77 करोड़ रूपये, इंडिगो को 13.29 करोड़ रूपये, जेट एयरवेज को 38.49 करोड़ रूपये, जेटलाइट को 13.96 करोड़ रूपये, स्पाइसजेट को 16.99 करोड़ रूपये और पैरामाउंट एयरवेज को 4 . 88 करोड़ रूपये प्राधिकरण को देने हैं। अन्य छोटी और परिचालन नहीं कर रही एयरलाइनरों पर कुल बकाया राशि 50.13 करोड़ रूपये है। मंत्री ने कहा कि हवाई अड्डों पर सुविधाओं के विकास के लिए कई कदम उठाये गये हैं, जिनमें चेन्नई और कोलकाता हवाई अडडों का आधुनिकीकरण, टर्मिनल भवन और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं सहित 35 गैर महानगरीय हवाई अडडों का विकास शामिल है।