यह ख़बर 25 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

अब आधार कार्ड के जरिये बिना कागजी कार्रवाई खुलवाएं बैंक खाता

मुंबई:

आधार कार्ड में एक नए फीचर के समावेश के बाद अब कार्डधारक बिना किसी कागजी कार्रवाई के बैंक खाता खुलवा सकेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार में यह नई विशेषता जोड़ी है। इससे इलेक्ट्रॉनिक आधारित बैंकिंग प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।

यूआईडीएआई के प्रमुख नंदन नीलेकणि ने इस सुविधा का जिक्र करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति बैंक शाखा में जाकर अपना 12 अंक का आधार नंबर बताएगा और वह बैंक से बाहर बैंक खाताधारक बनकर निकलेगा। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकृत सेवा एजेंट के जरिये यूआईडीएआई से जुड़ेगा, जो उसे यूआईडीएआई डेटाबेस से जोड़ेगा।

नीलेकणि ने बताया कि ग्राहक को बैंक शाखा को सिर्फ अपनी अंगुलियों की छाप देनी होगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा दस्तावेजों की प्रतियां देने की तुलना में अधिक सुरक्षित है। यूआईडीएआई का गठन चार साल पहले किया गया था। अभी तक उसने 46 करोड़ आधार नंबर जारी कर दिए है। अगले साल के शुरू तक इसे 60 करोड़ पर पहुंचाने का लक्ष्य है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com