बॉलीवुड की पार्टियों के किस्से हमेशा ही बेहद दिलचस्प होते हैं. कुछ तो ऐसे होते हैं जिन्हें सालों बाद सुनो तो हैरानी भी होती है. 80 के दशक में एक ऐसी ही शानदार प्रीमियर पार्टी हुई थी. जहां फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे पहुंचे थे. इन सितारों में राज कपूर और फिरोज खान भी शामिल थे. हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा शो मैन सामने था तो फिरोज खान ने अपनी फिल्म के बारे में उनसे सवाल कर लिया. लेकिन जो जवाब मिला वो चौंकाने वाला था. सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये थी कि राज कपूर की राय कुछ अलग थी और बॉक्स ऑफिस ने कुछ और ही रिस्पॉन्स दिया था.
राज कपूर ने पूछ लिया सीधा सवाल
ये फिल्म थी 'जांबाज'. जो 1986 में रिलीज हुई थी. फिल्म के डायरेक्टर प्रोड्यूसर थे फिरोज खान थे. उन्होंने प्रीमियर और पार्टी में राज कपूर को खासतौर पर बुलाया था. पार्टी के दौरान फिरोज खान ने राज कपूर से फिल्म पर उनकी राय पूछ ली. iMDB के मुताबिक, उस समय राज कपूर काफी नशे में थे. उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के जवाब दिया, ‘तुमने ये फिल्म बनाई ही क्यों? मुझे तो इसमें कोई मतलब नजर नहीं आया. कुछ भी समझ नहीं आया. ऐसे ही फिल्में बनाने लगते हैं लोग!'
ये भी पढ़ें: 14 साल पहले सनी देओल की इस फिल्म पर लगा था बैन, रिलीज से पहले हो गई थी लीक, 6 साल बाद आई थी थिएटर में
राज कपूर की ये बात सुनकर फिरोज खान हैरान रह गए. हालांकि उन्होंने कोई बहस नहीं की और चुपचाप उनकी बातें सुनते रहे. बाद में फिरोज खान को इस बात का अफसोस भी हुआ कि उन्होंने उस हालत में राज कपूर से फिल्म के बारे में राय क्यों पूछी.
स्टारकास्ट, गाने और बॉक्स ऑफिस पर रही हिट
दिलचस्प बात ये है कि राज कपूर के रिएक्शन से इतर फिल्म 'जांबाज' बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्म साबित हुई. फिल्म में फिरोज खान के साथ अनिल कपूर, डिंपल कपाड़िया, अमरीश पुरी जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म की कहानी दो भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें एक्शन, ड्रामा, रोमांस और फैमिली ड्रामा का तड़का देखने को मिला था. फिल्म में श्रीदेवी गेस्ट अपीयरेंस में नजर आई थीं. वो फिरोज खान के साथ गाने 'हर किसी को नहीं मिलता यहां प्यार जिंदगी में' में दिखाई देती हैं. ये गाना उस दौर का सुपरहिट चार्टबस्टर बन गया था और आज भी खूब पसंद किया जाता है. करीब 1.7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 6.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी. जो उस समय के हिसाब से बड़ी कामयाबी मानी जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं