टीवी इतिहास के सबसे चर्चित धार्मिक धारावाहिक ‘रामायण' ने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी. इस शो का हर किरदार इतना प्रभावशाली था कि लोग कलाकारों को उनके असली नाम से ज्यादा उनके निभाए गए पौराणिक किरदारों से पहचानने लगे. रामायण ने न सिर्फ भक्ति भाव को नई ऊंचाई दी, बल्कि अपने कलाकारों को भी अमर बना दिया. अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी जैसे सितारों को दर्शकों ने भगवान के रूप में स्वीकार कर लिया था. लेकिन इस शो में एक ऐसी जोड़ी भी थी, जो केवल ऑनस्क्रीन ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी पति-पत्नी थे और यही बात बहुत कम लोग जानते हैं.
ऑनस्क्रीन रिश्ता, जो असल में भी था सच्चा

‘रामायण' में राजा दशरथ का किरदार निभाने वाले बाल धुरी और कौशल्या के रोल में नजर आईं जयश्री गडकर असल जिंदगी में भी पति-पत्नी थे. दिलचस्प बात यह है कि शो में भी दोनों ने पति-पत्नी का ही किरदार निभाया, जिससे उनकी केमिस्ट्री बेहद स्वाभाविक लगी. दर्शकों को उनके अभिनय में एक अलग ही सच्चाई नजर आई, जो शायद उनके असली रिश्ते की वजह से और भी गहरी हो गई थी.
पर्दे से बाहर भी रही शानदार पहचान

बाल धुरी मराठी सिनेमा का जाना-माना नाम रहे हैं और उन्होंने अपने करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं. वहीं जयश्री गडकर भी इंडस्ट्री की प्रतिष्ठित अभिनेत्री रही हैं, जिन्होंने कई फिल्मों और धारावाहिकों में काम किया. ‘रामायण' में उनके निभाए गए किरदार आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. यही वजह है कि यह शो और इसके कलाकार आज भी उतने ही लोकप्रिय हैं, जितने अपने दौर में थे.