फिल्ममेकर आदित्य धर की 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी ने कई पुराने गानों को रीक्रिएट किया, जिनमें 'ना तो कारवां की तलाश है', 'रंबा हो' और दूसरे गाने शामिल हैं. फिल्म के नए गाने वायरल हो गए. अब गीतकार समीर अनजान ने पुराने गानों को रीक्रिएट करने के लिए इस फ्रैंचाइज़ी की आलोचना की है और बॉलीवुड में संगीत के साथ किए जा रहे बर्ताव पर निराशा जताई है.
समीर अनजान ने 'धुरंधर' की आलोचना की
अपने पॉडकास्ट 'गेम चेंजर्स' पर कोमल नाहटा के साथ बातचीत में समीर ने बॉलीवुड में गानों को रीक्रिएट किए जाने पर अपनी राय रखी और कहा, "असल बात यह है कि आप नए प्रयोगों को रोक नहीं सकते. हालांकि, समस्या यह नहीं है. किसी गाने को रीक्रिएट करने के फायदे और नुकसान दोनों हैं. जैसे जब उन्होंने मेरे 'दिलबर' गाने को रीमेक किया, तो वह Gen Z (आज की पीढ़ी) के बीच फिर से लोकप्रिय हो गया, लेकिन समस्या तब शुरू होती है जब किसी गाने को रीक्रिएट करते समय आप ओरिजिनल गीतकार को नजरअंदाज कर देते हैं. लिखने का काम किसी और को दे देते हैं, जो फिर 'दिलबर' शब्द से कोई लेना-देना न रखने वाली अश्लील लाइनें लिख देता है. वे साहित्य का अपमान कर रहे हैं. अगर आप किसी चीज को बेहतर बना सकते हैं, तो जरूर बनाएं, लेकिन ओरिजिनल चीज को खराब करने के लिए उसके साथ छेड़छाड़ न करें."
यह भी पढ़ें - बनारस के ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक, जिन्होंने अमिताभ बच्चन को दिलाई पहचान, जानें लालजी पांडेय कैसे बने बॉलीवुड के 'अनजान?
समीर ने कहा कि नैतिक रूप से, लोगों को ओरिजनल लेखकों की अनुमति के बिना उनके रचनात्मक काम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस चलन को रोकने की जरूरत है और कहा कि अच्छा रचनात्मक काम पीढ़ियों तक प्रासंगिक बना रहता है. उन्होंने इस धारणा को भी खारिज कर दिया कि पुराने गीतकार शायद आज के दर्शकों की पसंद को नहीं समझते होंगे. उन्होंने कहा कि उम्र का मतलब यह नहीं है कि वे आज की सोच और संवेदनाओं से कटे हुए हैं.
गीतकार ने ‘धुरंधर' में पुराने गानों का गलत संदर्भ में इस्तेमाल करने, खासकर हिंसक एक्शन सीन के दौरान किए जाने पर फिल्म की आलोचना की और कहा, "‘धुरंधर' जैसी फिल्मों ने स्थिति और खराब कर दी है. सत्यानाश कर दिया. उन्होंने संगीत उठाया और बैकग्राउंड में डाल दिया. ‘चौहान' के ट्रेलर में वे एक्शन सीन के दौरान ‘जुम्मा चुम्मा' बजा रहे हैं. उन्होंने बंदूकें चलने के दौरान मेरे गाने को रीक्रिएट किया. गाना कहां है? मेरे पिता इंडस्ट्री के मालिक नहीं हैं कि मैं उन्हें रोक सकूं, लेकिन यह तब तक चलता रहेगा जब तक वे सब कुछ बर्बाद न कर दें और फिर कुछ न बचे."
Lyricist Sameer Anjaan slammed aditya dhar and dhurandhar for ruining music by putting songs in background of over the top violence sequence,songs should be used as central, meaningful components of narrative. also slammed Chauhan movie for ruining his song by using it as… pic.twitter.com/x06CrSosoV
— daksh. (@mythicbxrn) September 14, 2026
समीर ने कहा कि उन्हें आदित्य चोपड़ा और करण जौहर जैसे बड़े बैनर्स से ज्यादा निराशा हुई, क्योंकि वे अच्छे संगीत को बढ़ावा देते थे. उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि उनके साथ क्या गलत हुआ और वे भी अब संगीत पर उतना ध्यान नहीं देते. ‘धुरंधर' और ‘धुरंधर: द रिवेंज' में रणवीर सिंह लीड रोल में थे. वहीं सारा अर्जुन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल अहम भूमिकाओं में थे. फिल्मों के गाने चार्टबस्टर साबित हुए, भले ही उनमें से कई पुराने गानों के रीक्रिएटेड वर्जन थे. इस फ़्रैंचाइज़ी ने दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर 3,000 करोड़ से ज्यादा की कमाई की.
समीर अनजान के बारे में
समीर अनजान हिंदी सिनेमा के मशहूर गीतकारों में से एक हैं. वे बॉलीवुड के कुछ सबसे बड़े रोमांटिक और चार्ट-टॉपिंग गानों के लिए जाने जाते हैं. वे जाने-माने गीतकार अनजान के बेटे हैं और उन्होंने 1980 के दशक में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. उन्हें 'आशिकी', 'दिल', 'दीवाना' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी फिल्मों से पहचान मिली. उनके यादगार गानों में 'नजर के सामने', 'तेरी उम्मीद तेरा इंतजार' और 'कुछ कुछ होता है' जैसे गाने शामिल हैं.
ये Video भी देखें: भक्ति Vs भौकाल - 'हनुमान अंश' ने कमाए 130 करोड़, 'मिर्जापुर' 100 करोड़ के पार Shahrukh Khan-Rani
Mukherjee
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं