Salim Khan Health Update: दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान और दबंग स्टार सलमान खान के पिता मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. मंगलवार (17 फरवरी) सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों ने तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया और इलाज शुरू किया. वह लीलावती अस्पताल में डॉ. जलील पारकर की देखरेख में हैं.
डॉक्टर पारकर ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए बयान में बताया कि सलीम खान डॉक्टरी देखरेख में हैं. फिलहाल वे वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति स्थिर है. डॉक्टरों की टीम उनकी क्लिनिकल स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है. परिवार की तरफ से अभी कोई ऑफीशियल स्टेटमेंट जारी नहीं हुआ है. अस्पताल ने कहा कि आज यानी बुधवार (18 फरवरी) सुबह 11 बजे परिवार की सहमति से प्रेस बुलेटिन जारी किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: Salim Khan Hospitalised Live Updates: सलमान खान के पापा सलीम खान ICU में, संजय दत्त और जावेद अख्तर पहुंचे मिलने
इस बीच, खान परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं. सलमान खान, अरबाज खान, शूरा खान, अरहान खान, आयूष शर्मा, अतुल अग्निहोत्री, मां सलमा खान अस्पताल पहुंचे और सलीम खान से मुलाकात की. इनके अलावा जावेद अख्तर और संजय दत्त भी वहां हालचाल लेने पहुंचे.
बता दें कि सलीम खान हिंदी सिनेमा के सबसे पॉपुलर लेखकों में से एक हैं. जावेद अख्तर के साथ ‘सलीम-जावेद' जोड़ी ने 1970-80 के दशक में बॉलीवुड को नया रूप दिया. उन्होंने ‘शोले', ‘दीवार', ‘डॉन' जैसी क्लासिक फिल्मों के स्क्रीनप्ले लिखे. उनकी 24 फिल्मों में से 20 फिल्में सुपरहिट रहीं. हाल में सलीम खान ने अपना 90वां बर्थडे मनाया था. सलीम का बर्थडे 24 नवंबर को आता है. साल 2025 में उनके जन्मदिन के दिन ही लीजेंड्री एक्टर धर्मेंद्र का निधन हुआ था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं