बॉलीवुड में जब भी सुपरस्टारडम और बॉक्स ऑफिस की बादशाहत की बात होती है तो सबसे पहले नाम शाहरुख खान का आता है. दशकों से किंग खान ने अपनी फिल्मों के जरिए इंडस्ट्री में ऐसा मुकाम बनाया है जिसे छूना हर स्टार के बस की बात नहीं होती. खासतौर पर साल 2023 में आई उनकी दो फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा इतिहास रचा, जिसे आज तक कोई दोहरा नहीं पाया. लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि रणवीर सिंह इस रिकॉर्ड को चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म धुरंधर 2 को लेकर जबरदस्त चर्चा है और माना जा रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है.
शाहरुख खान ने 2023 में बनाया था ऐतिहासिक रिकॉर्ड
साल 2023 शाहरुख खान के करियर का सबसे शानदार साल माना जाता है. उस वर्ष उनकी दो बड़ी फिल्में रिलीज हुईं- पठान और जवान. दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और एक ही साल में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने का दुर्लभ रिकॉर्ड कायम किया. ‘पठान' ने दुनिया भर में लगभग 1050 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि भारत में इसका कलेक्शन करीब 650 करोड़ रुपये रहा. इसके बाद रिलीज हुई ‘जवान' ने भी कमाई के नए कीर्तिमान बनाए और वर्ल्डवाइड करीब 1148 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया. भारत में इस फिल्म ने लगभग 761 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. इन दोनों फिल्मों की सफलता ने शाहरुख खान को एक बार फिर बॉक्स ऑफिस का असली बादशाह साबित कर दिया.
क्या ‘धुरंधर 2' से रणवीर बना पाएंगे नया इतिहास?
दूसरी ओर रणवीर सिंह भी बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. दिसंबर 2025 में रिलीज हुई उनकी फिल्म धुरंधर ने शानदार कमाई करते हुए कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. इस स्पाई एक्शन फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 1349 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1056 करोड़ रुपये के आसपास रहा. अब दर्शकों की निगाहें इसके सीक्वल धुरंधर 2 पर टिकी हैं. ट्रेलर रिलीज होने के बाद से सोशल मीडिया पर इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और फैंस इसे पहले से ही ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं. अगर फिल्म 1000 करोड़ क्लब में जगह बनाने में सफल रहती है, तो रणवीर सिंह लगातार दो फिल्मों के जरिए ऐसा करने वाले चुनिंदा सितारों में शामिल हो सकते हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि 19 मार्च को रिलीज होने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कौन-कौन से नए रिकॉर्ड कायम करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं