विज्ञापन

आइसक्रीम पार्लर में हुई मुलाकात, 15 बच्चों की बनीं मां, राजपाल यादव और राधा भाभी की कहानी खास

मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव तेल बाउंस मामले में सुर्खियों में हैं. इन सबके चलते उनकी पत्नी राधा ने उनका इस मुस्किल घड़ी में साथ दिया. तो आइए जानते हैं कौन है राधा और कैसे शुरू हुई थी उनकी और राजपाल यादव की लव स्टोरी.

आइसक्रीम पार्लर में हुई मुलाकात, 15 बच्चों की बनीं मां, राजपाल यादव और राधा भाभी की कहानी खास
राधा और राजपाल यादव की लव स्टोरी

छोटे कद लेकिन बड़े टैलेंट वाले बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने अपनी कॉमेडी से लाखों लोगों को हंसाया. फिल्मों में उनका किरदार आते ही माहौल हल्का हो जाता था. लेकिन आजकल राजपाल यादव 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस मामले के बाद सुर्खियों में हैं. इस कठिन समय में उनकी पत्नी राधा यादव ने परिवार और कानूनी लड़ाई दोनों को संभाला. राधा ने राजपाल यादव का साथ नहीं छोड़ा और हर परेशानी में उनके साथ खड़ी रहीं.  ऐसे में आज हम आपको राजपाल यादव और राधा यादव की लाइफ और लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं-

इंडस्ट्री के महंगे कॉमेडियंस में गिने जाते हैं राजपाल यादव

राजपाल यादव ने अपने दम पर बॉलीवुड में खास पहचान बनाई. छोटे कद की वजह से लोग उन्हें अलग नजर से देखते थे, लेकिन उन्होंने उसी पहचान को अपनी ताकत बना लिया. कई हिट फिल्मों में काम कर वे इंडस्ट्री के महंगे कॉमेडियंस में गिने जाने लगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ करीब 85 करोड़ रुपये बताई जाती है और वे एक फिल्म के लिए 1 से 1.25 करोड़ रुपये तक फीस लेते रहे हैं.

शादी के कुछ समय बाद ही हो गई थी पहली पत्नी की मौत

राजपाल की पहली शादी करुणा नाम की महिला से हुई थी. 1991 में बेटी ज्योति के जन्म के दौरान मुश्किल डिलीवरी के कारण उनकी पत्नी का निधन हो गया. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 20 साल थी. यह दौर उनके लिए बेहद कठिन था. आर्थिक हालत भी ठीक नहीं थी. वे बेटी के साथ मुंबई लौट आए और जिंदगी फिर से शुरू की.

आइसक्रीम पार्लर में हुई थी राधा से पहली मुलाकात

साल 2001 में कनाडा के शहर कैलगरी में फिल्म The Hero: Love Story of a Spy की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात राधा से हुई. एक आइसक्रीम पार्लर में पहली बार उन्होंने राधा को देखा. धीरे-धीरे बात शुरू हुई और 10 महीने तक लंबी दूरी का रिश्ता चला. 10 जून 2003 को दोनों ने शादी कर ली. राधा भारतीय मूल के परिवार से हैं जो कनाडा में रहता था. शादी के बाद वे भारत आ गईं और राजपाल के गांव में रहकर परिवार और रीति-रिवाज अपनाए.

तीन बेटियों के पेरेंट्स हैं राधा-राजपाल

राधा ने राजपाल की बेटी ज्योति को अपनी बेटी की तरह अपनाया. बाद में उनकी दो बेटियां हर्षिता और रिहांशी हुईं. राधा ने तीनों बेटियों में कभी फर्क नहीं किया. ज्योति की शादी 2017 में हुई और वह लखनऊ में रहती हैं. राजपाल कई इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उनकी बेटियां उनकी ताकत हैं और वे उनसे हर दिन कुछ नया सीखते हैं.

15 बच्चों के पापा है राजपाल यादव

राजपाल यादव की तीन बेटियां हैं. पहली पत्नी से एक बेटी और फिर राधा से उनकी दो बेटियां हैं लेकिन परिवार के 15 बच्चों के लिए वह पिता समान हैं और राधा उनकी मां से कम नहीं. ये बच्चे राजपाल यादव के अपने बच्चे नहीं हैं लेकिन इनसे नाता तो खून का ही है. खून का नाता इसलिए क्योंकि ये सभी राजपाल यादव के भाइयों के हैं. राजपाल यादव के पांच भाई और भी हैं. एक्टर ने इन सभी की जिम्मेदारी अपने सिर ली है और इसे अच्छे से निभाने में मदद कर रही हैं उनकी पत्नी राधा, जिन्हें सब राधा भाभी कहकर बुलाते हैं.

यह भी पढ़ें: Holi Song: सुनील दत्त ने जबरदस्ती घर में घुसकर खेली थी होली, जख्मी दिलों का यूं लिया था बदला


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com