विज्ञापन

राजपाल यादव के बड़े भाई ने बताया- जेल जाने से पहले एक्टर ना रोए ना गिड़गिड़ाए, कहा था भैया चिंता मत करना- Exclusive

राजपाल यादव के भाई श्रीपाल यादव ने NDTV से खास बातचीत की. इस दौरान श्रीपाल ने राजपाल की उस फिल्म से जुड़ी कई बातें बताईं साथ ही बताया कि जेल जाने से पहले एक्टर ने उन्हें कॉल किया था.

राजपाल यादव के बड़े भाई ने बताया- जेल जाने से पहले एक्टर ना रोए ना गिड़गिड़ाए, कहा था भैया चिंता मत करना- Exclusive
राजपाल यादव के भाई श्रीपाल यादव ने बताई चौंकाने वाली बात
Social Media
नई दिल्ली:

राजपाल यादव 9 करोड़ रुपये से जुड़े कथित वित्तीय विवाद के मामले में न्यायिक हिरासत में हैं. 5 फरवरी को उन्होंने अदालत के आदेश के तहत आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद सोशल मीडिया और मीडिया में यह चर्चा तेज हो गई कि राजपाल यादव ने कहा था, “ना तो मेरे पास पैसे हैं और ना ही मेरे दोस्त हैं.” इसके बाद फिल्म जगत के कई नामी चेहरे उनकी मदद के लिए सामने आए और फिल्म एसोसिएशन एफडब्ल्यूआईसीई ने भी फिल्म इंडस्ट्री से राजपाल यादव की सहायता करने की अपील जारी की. इसी बीच, एनडीटीवी ने राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव से खास बातचीत कर यह जानने की कोशिश की कि सोशल मीडिया और मीडिया पर छायीं खबरें कितनी सही हैं.

सवाल: श्रीपाल जी सबसे पहले मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि जो खबरें आ रही हैं कि राजपाल यादव जेल जाते वक्त रो रहे थे और कह रहे थे कि उनके कोई दोस्त नहीं हैं और उनके पास पैसे नहीं हैं. आपको लगता है ये बातें कितनी सही हैं?

जवाब: हम अपने अनुभव से कह सकते हैं कि ये बातें सही नहीं लगतीं. वो हमारे छोटे भाई हैं, हम साथ पढ़े हैं, एक कमरे में रहे हैं, एक ही बिस्तर पर सोए हैं. हमें पूरा भरोसा है कि चाहे कितनी भी बड़ी मुसीबत क्यों न हो, वो किसी के सामने गिड़गिड़ा या रो नहीं सकते. और न ही ऐसी बातें कर सकते हैं. जाने से पहले उन्होंने हमें फोन किया था और कहा था, “भैया, किसी बात की चिंता मत करना.” उन्होंने हमें भरोसा दिलाया कि पैसा उधार नहीं लिया गया था, बल्कि निवेश के तौर पर दिया गया था.

उन्होंने कुछ कागजों पर साइन किए थे, जिनके बारे में हमें यही बताया गया था कि ये निवेश से जुड़े दस्तावेज हैं. बाद में जब फिल्म आगे नहीं बढ़ पाई, तो उन दस्तावेजों के आधार पर इसे कर्ज के रूप में दिखाया गया और भुगतान की मांग शुरू हुई. हमने फिल्म के क्रेडिट्स में संबंधित व्यक्ति का नाम प्रोड्यूसर के रूप में भी देखा है. सोशल मीडिया और मीडिया में जो बातें चल रही हैं कि वो रो रहे थे या कह रहे थे कि उनका कोई नहीं है. हम नहीं मान सकते कि उन्होंने ऐसा कहा होगा.

सवाल: जब जाते वक्त आपकी उनसे आखिरी बार बात हुई थी, उस वक्त उन्होंने आपसे क्या कहा था?

जवाब: उन्होंने बताया था कि कोर्ट की प्रक्रिया के तहत उन्हें एक दिन के लिए जाना पड़ेगा और आगे कानूनी प्रक्रिया चलेगी. उन्होंने हमें पूरा भरोसा दिलाया कि, “भैया, कोई चिंता वाली बात नहीं है. हम ये साबित करेंगे कि पैसा निवेश के लिए था, कर्ज नहीं था.” हमें फिल्म इंडस्ट्री की ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन हमें बताया गया कि फिल्मों में कई लोग निवेश करते हैं और यह सामान्य प्रक्रिया होती है.

सवाल: लेकिन बतौर बड़े भाई आपके मन में इस वक्त क्या चल रहा है?

जवाब: देखिए, हमारे मन में पूरा विश्वास है कि कल को वो बाहर आएंगे. घर में हमारी बिटिया की शादी भी है और उसकी पूरी तैयारी चल रही है. और पता नहीं ये कौन पत्रकार असंतुष्ट होकर आ गया और उसने कह दिया कि घर में मायूसी है. अरे, जहां 50-50 लेबर काम कर रहे हैं और हम सब लोग उसमें डटे हुए हैं. दोपहर का समय था, लेबर खाना खा रहे होंगे और वहां घर पर कोई मिला नहीं होगा, उसने फोटो खींच लिया होगा कि यहां मायूसी छाई है.

कोई मायूसी नहीं है. हम पूरे हौसले के साथ काम कर रहे हैं और हमें मालूम है कि वो कल को आ जाएंगे और हम शादी पूरे जश्न के साथ मनाएंगे. और शादी करेंगे, कोई ऐसी दिक्कत नहीं है किसी प्रकार की. ये जरूर है कि क्योंकि मेन आकर्षण वही हैं, तो शादी में उनका होना बहुत जरूरी है. इसके लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि वो कल बाहर आ जाएं.

19 फरवरी को राजपाल यादव की भतीजी की शादी है और परिवार को पूरी उम्मीद है की वो शादी के जश्न में जरूर शामिल होंगे साथ ही फिल्म जगत ने भी राजपाल को इस मुश्किल से निकालने के लिए कमर कस ली है .

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com