मैं हूं या आप, हमसे पंजाबी गाने और बॉलीवुड की दोस्ती किसी से छिपी नहीं रही है. शादी का माहौल हो, मस्ती का मूड या फिर जोश दिलाने की बात तो बॉलीवुड जमकर पंजाबी गानों का इस्तेमाल किया करता रहा है. इन गानों का इस्तेमाल मौके के हिसाब से हुआ करता था. लेकिन समय बदल चुका है. नए हिंदुस्तान का यह नया बॉलीवुड है जो पंजाबी गानों का इस्तेमाल अपनी सहूलियत के हिसाब से कर रहा है. वह इन गानों का इस्तेमाल फिल्म में हिंसा दिखाने के लिए कर रहा है. ऐसी हिंसा जिसे देखकर एक समय आकर आप आंखें बंद करने के लिए मजबूर हो जाएं. लेकिन यह पॉपुलर सिनेमा है, यहां सबकुछ चलता है. फिर फिल्म को ए सर्टिफिकेट मिल जाए तो फिर वैसे भी ज्यादा असर नहीं पड़ता है. आइए एक नजर डालते हैं, ऐसे पंजाबी गानों पर जिन्हें बॉलीवुड फिल्में हिंसा दिखाने के लिए किया गया इस्तेमाल.
1. अर्जन वैली, एनिमल
एनिमल का जब ट्रेलर आया तो इसने यूट्यूब और सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया. इसकी वजह जहां एक्शन सीन था, वहीं वो पंजाबी गाना भी था जो इसके बैकग्राउंड में बज रहा है. ये गाना था अर्जन वैली, जिसे भूपिंदर बब्बल ने गया था. इस गाने का म्यूजिक मनन भारद्वाज का था और इसके लिरिक्स भी भूपिंदर बब्बल ने ही लिखे थे. इस गाने के साथ ये एक्शन सीन इतना इम्प्रेसिव हो गया कि फिल्म को बुलंदियों पर ले गया.
2. आरी आरी, धुरंधर 2
धुरंधर 2 का पहला 15-20 मिनट तो सिर्फ एक पंजाबी गाना ही खींचकर चलता है. रणवीर सिंह का पूरा बैकग्राउंड दिखाने के लिए जिस तरह से इस गाने का इस्तेमाल हुआ है, वह कुछ-कुछ वैसा ही है जैसा एनिमल में नजर आया था. रणवीर सिंह का पूरा स्वैग और गाने की तेजी मिलकर इस सीक्वेंस को और भी इम्प्रेसिव बना देती है. इस गाने को बॉम्बे रॉकर्स ने गाया है.
3. खौफ है, बागी 4
टाइगर श्रॉफ की फिल्म बागी 4 में भी कुछ इसी तरह की मिसाल देखने को मिलती है, जिसमें पंजाबी गाने पर जबरदस्त एक्शन दिखाया गया है. इस गाने में सुयश-सिद्धार्थ का म्यूजिक है. सिंगर सुयश राय और कृष्णा बेऊरा है जबकि लिरिक्स गोपी सिद्धू और स्टार बॉय एलओसी का है.
अब अगर इस ट्रेंड की बात करें तो इस ट्रेंड की शुरुआत हमें एनिमल से होती नजर आती है. फिर तीनों ही सीक्वेंस भी कुछ कम या ज्यादा एक ही तर्ज पर कोरियोग्राफ किए गए हैं. इन गानों में यही समानता है कि इनमें पंजाबी गानों पर हिंसा का जबरदस्त इस्तेमाल किया गया है. अब गानों के बोल क्या है, और क्या नहीं, इससे मेकर्स को ज्यादा फर्क नहीं पड़़ता. बेशक कई फिल्मों में एक्शन गानों पर फिल्माए जाते हैं, लेकिन पंजाबी गानों का जिस तरह इस्तेमाल हो रहा है. वह जरूर चौंकाने वाला है. धुरंधर में एक लाइन है कि यह नया हिंदुस्तान है घुसेगा भी, मारेगा भी. इस ट्रेंड को देखकर हम यही कह सकते हैं कि यह नए हिंदुस्तान का नया बॉलीवुड है जो पंजाबी गानों पर नचाएगा नहीं, खून बहाएगा...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं