Khalnayak 2 teaser: साल 1993 में संजय दत्त एक ऐसी फिल्म लेकर आए थे, जिसने उन्हें रातों रात स्टार बना डाला था. इस फिल्म का नाम खलनायक था. खलनायक 1993 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी. उस वक्त के लोगों के दिलों और दिमाग में आज भी संजय दत्त का किरदार बल्लू जेहन में होगा. खलनायक के बाद संजय दत्त बॉलीवुड के सुपरस्टार कहलाने लगे. अब 33 साल बाद उनकी इस फिल्म का सीक्वल खलनायक रिटर्न्स यानी खलनायक 2 आने वाला है. शुक्रवार को मुंबई में इस फिल्म की घोषणा की गई है.
खलनायक बन लौटे संजय दत्त
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खलनायक 2 का पोस्टर रिलीज किया गया है. इसके साथ ही संजय दत्त ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर खलनायक 2 से जुड़ा एक टीजर रिलीज किया है. जिसमें उनका एक बार फिर से खलनायक अंदाज देखने को मिल रहा है. सोशल मीडिया पर फिल्म का यह टीजर तेजी से वायरल हो रहा है. संजय दत्त के फैंस खलनायक 2 के टीजर को खूब पसंद कर रहे हैं. साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
जेल में ही कर ली थी तैयारी
वहीं खलनायक 2 के टीजर और पोस्टर लॉन्च में संजय दत्त ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मुझे जेल में खलनायक 2 बनाने का विचार आया. मैं जेल में म्यूजिक बजाया करता था और वहां सबसे ज्यादा मांग हमेशा खलनायक की ही होती थी. इसलिए मैंने 4000 कैदियों से हाथ उठाने को कहा कि कौन-कौन 'खलनायक 2' देखना चाहता है, और उन सभी ने अपने हाथ उठा दिए. फिर मैंने उनसे कहा कि वे सब एक-एक पन्ना लिखें, जब मैं पैरोल पर बाहर आया, तो मुझे उनमें से कुछ लिखा हुआ पसंद आया. मैंने सुभाष जी से मुलाकात की और उन्हें वह सुनाया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं