थलापति विजय की फिल्म जन नायगन लंबे इंतजार के बाद 23 जुलाई को सिनेमाघरों में आ रही है. सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के साथ सेंसरशिप विवाद के चलते महीनों तक लटकने के बाद अब डायरेक्टर एच.विनोद की फिल्म 'जन नायगन' रिलीज होने जा रही है. इसमें एक्टर से राजनेता बने विजय लीड रोल कर रहे हैं. यह इस साल की मचअवेटेड फिल्मों में से एक है. ऐसा इसलिए क्योंकि यह विजय की आखिरी फिल्म है. राजनीति में एंट्री लेने और सीएम बनने के बाद विजय ने फिल्मी दुनिया संन्यास ले लिया है.
'जन नायगन' की रिलीज में देरी क्यों हुई?
हालांकि यह सर्टिफिकेशन विवाद में फंस गई इसके चलते इसकी रिलीज को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया गया. फिल्म को आखिरकार इस महीने की शुरुआत में 'A' सर्टिफिकेट मिला, जिसके बाद मेकर्स ने अनाउंस किया कि 'जन नायगन' गुरुवार, 23 जुलाई को रिलीज होगी. रिलीज का समय नजदीक होने के चलते इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है और टिकट तेजी से बिक रहे हैं.
'जन नायगन' एडवांस बुकिंग रिपोर्ट
टिकट बिक्री शुरू होने के कुछ ही घंटों के अंदर ही रविवार, 19 जुलाई को शाम 7 बजे तक 'जन नायगन' ने डोमेस्टिक मार्केट में 6.7 करोड़ रुपये (ब्लॉक सीटों सहित) की कमाई की. इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क (Sacnilk) के मुताबिक जहां फिल्म के तमिल वर्जन ने 2,399 शो में 1,33,904 टिकट बेचकर 3.86 करोड़ रुपये कमाए हैं, वहीं फिल्म के तेलुगु और हिंदी वर्जन को अभी रफ्तार पकड़नी है.
क्या विजय रजनीकांत का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे?
हालांकि, यह देखना बाकी है कि क्या 'जन नायगन' डायरेक्टर लोकेश कनगराज की रजनीकांत स्टारर फिल्म 'कुली' (151 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड तोड़कर किसी तमिल फिल्म के लिए दुनिया भर में पहले दिन की सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड बना पाएगी या नहीं. यह रिकॉर्ड पहले विजय की फिल्म 'लियो' (148.5 करोड़ रुपये) के नाम था.
जन नायगन की कास्ट
विजय के लीड रोल वाली फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, प्रियामणि, नारायण और नासर जैसे कलाकार अहम किरदारों में हैं और 'जन नायगन' का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं