महाशिवरात्रि के मौके पर 'मुंबई के राजा' कहे जाने वाले बाबुलनाथ मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है. 25 साल में बनकर तैयार हुए मंदिर में बॉलीवुड स्टार्स भी भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. मंदिर में फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर और फिल्म निर्माता अशोक पंडित को साथ दर्शन करते हुए देखा गया, जहां उन्होंने भगवान शिव से टीम की जीत के लिए प्रार्थना की.
आईएएनएस से दर्शन का अनुभव शेयर करते हुए निर्देशक मधुर भंडारकर ने कहा, "बाबुलनाथ मंदिर की आस्था सिर्फ मुंबई में ही नहीं बल्कि पूरे देश में है, और ऐसे में महाशिवरात्रि के मौके पर दर्शन का सौभाग्य मिलना हमारे लिए खुशी देने वाला पल है. मंदिर में बहुत भीड़ है, लेकिन सभी लोग पूरी श्रद्धा के साथ दर्शन कर रहे हैं, और मेरी यही कामना है कि सभी को सफलता और अच्छा स्वास्थ्य मिले." वहीं फिल्म निर्माता अशोक पंडित के लिए महाशिवरात्रि का पर्व बहुत मायने रखता है क्योंकि उनका ताल्लुक कश्मीर से है.
यह भी पढ़ें: IND vs PAK T20 World Cup: मैच से पहले हार्दिक पंड्या की एक तस्वीर वायरल, पाकिस्तान के पसीने छुटाने वाले से है कनेक्शन
उन्होंने कहा, "यह त्योहार सभी के लिए खास है, लेकिन कश्मीरी पंडितों की आस्था इससे ज्यादा जुड़ी है क्योंकि हम शिव भक्त हैं और बाबुलनाथ मंदिर में आने से एक ऊर्जा और शांति मिलती है." उन्होंने आगे कहा, "जब भी मैं ऐसी धार्मिक जगह पर आता हूं, यही मानता हूं कि भगवान हर किसी की रक्षा करें. देश की रक्षा करने वाले सैनिक और परिवारों को बल दें. हम हमेशा अपनी सिक्योरिटी फोर्सेज के लिए दुआ करते हैं कि वो और उनके परिवार सुखी रहें."
भारत-पाकिस्तान मैच पर निर्देशक मधुर भंडारकर ने कहना है कि महाशिवरात्रि का पर्व है और आज भारतीय टीम ही जीतेगी और पूरा देश देखेगा. आज पूरे देश की प्रार्थना टीम इंडिया के साथ है और हम दिल से चाहते हैं कि हमारी टीम पाकिस्तान को धूल चटा दे और विजय बने. वहीं अशोक पंडित भारत-पाकिस्तान मैच से खफा हैं. उनका कहना है कि आतंकवाद को पनाह देने वाले देश के साथ हमारा खेलना सही नहीं है.
यह भी पढ़ें: रणवीर सिंह की धुरंधर ने 11 मुल्कों में बनाया ये रिकॉर्ड, देखकर कहेंगे छा गए हमजा...छक्के छुड़ा दिए सबके
उन्होंने कहा, "भारत-पाकिस्तान का मैच होना ही नहीं चाहिए था, लेकिन अब हो रहा है तो जीत भी हमारी ही होगी. महाशिवरात्रि का पर्व है और सब कुछ विधाता संभालने वाले हैं, ऐसे में शक की गुंजाइश ही नहीं है कि हम न जीतें. हमारी यंग प्लेयर्स की टीम बहुत अच्छी है और जीत तय है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं