2019 में रिलीज हुई 'द वायरल फीवर' (टीवीएफ) की 'कोटा फैक्ट्री' बेहतरीन वेब सीरीज में से एक मानी जाती है, जिसे दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला है. राघव सुब्बू के निर्देशन में बना यह शो सीधे लोगों के दिलों को छू गया और हर नए सीजन के साथ इसकी दीवानगी बढ़ती ही गई. यह शो टीवीएफ की उस काबिलियत का सबूत है कि वे कैसे ऐसी कहानियाँ बुनते हैं जो दर्शकों को अपनी लगती हैं. आज 'कोटा फैक्ट्री' ने शानदार 7 साल पूरे कर लिए हैं, और यह कहना गलत नहीं होगा कि यह आज भी सबसे पसंदीदा शो में से एक है और पॉप कल्चर पर इसका गहरा असर बरकरार है.
32 दिन में पूरी हुई शूटिंग
कोटा फैक्ट्री की कहानी राजस्थान के कोटा शहर पर आधारित है, जो अपने कोचिंग सेंटर्स के लिए मशहूर है. यह शो 16 साल के वैभव (मयूर मोरे) की जिंदगी को दिखाता है, जो इटारसी से कोटा आता है. इसमें वहां के छात्रों के संघर्ष और वैभव के आईआईटी में दाखिला लेने के लिए जेईई परीक्षा क्रैक करने के सफर को दिखाया गया है. शो की स्टार कास्ट में रंजन राज, आलम खान, जितेंद्र कुमार, रेवती पिल्लई, उर्वी सिंह और एहसास चन्ना शामिल हैं. वैसे तो हर किरदार की अपनी अहमियत है, लेकिन 'जीतू भैया' का किरदार सबसे ज्यादा पॉपुलर हुआ. दिलचस्प यह है कि इस पूरी वेब सीरीज को सिर्फ 31 दिन में ही शूट कर लिया गया था

क्यों शूट हुई ब्लैक-व्हाइट में
यह भारत की पहली ब्लैक-एंड-व्हाइट वेब सीरीज है. हालांकि इसे कलर में शूट किया गया था, लेकिन बाद में इसे मोनोक्रोम (श्वेत-श्याम) में बदल दिया गया ताकि कोटा में आईआईटी की तैयारी करने वाले छात्रों की बेरंग और संघर्ष भरी जिंदगी को महसूस कराया जा सके. 'कोटा फैक्ट्री' को काफी सम्मान भी मिला है, जिसमें बेस्ट ड्रामा, कहानी और तकनीकी उत्कृष्टता के लिए कई अवॉर्ड्स शामिल हैं.

टीवीएफ है कंटेंट का किंग
साल 2025 टीवीएफ के लिए कमाल का रहा. 'पंचायत', 'कोटा फैक्ट्री', 'गुल्लक', 'सपने वर्सेस एवरीवन' जैसे शो के नए सीजन्स के साथ उन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स के दौरान भी टीवीएफ ही छाया रहा, जहां उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं कीं. चाहे 'वन' और 'कॉलेज फेस्ट' जैसी फिल्में हों, 'पिरामिड' और 'वंश' जैसे नए शो हों, या फिर 'एस्पिरेंट्स', 'पंचायत', 'ग्राम चिकित्सालय', 'सपने वर्सेस एवरीवन' और 'संदीप भैया' के मोस्ट-अवेयटेड नए सीजन्स उनकी लिस्ट काफी बड़ी और दिलचस्प थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं