बॉलीवुड की बेहद खूबसूरत एक्ट्रेस दिव्या भारती सिनेमा जगत का एक ऐसा नाम है, जिसका जिक्र होते ही 1990 के दशक की उस लड़की का चेहरा आंखों के सामने आ जाता है, जो कम उम्र में अपनी खूबसूरती, मासूमियत और अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुकी थी. आज दिव्या भारती भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन फिल्मों में अपने अभिनय के दम पर आज भी वह फैंस के दिलों पर राज करती हैं. आज यानी 25 फरवरी को दिव्या भारती की जयंती है. ऐसे में हम आपको बताने जा रहे हैं, उनके जीवन से जुड़ी खास बातें...

किसी भी कलाकार का इस दुनिया से चले जाना फैंस के लिए काफी दर्दनाक होता है. वो भी तब जब एक्टर यंग हो और किसी हादसे में अचानक उसकी जान चली जाए. वे पीछे अपने चाहने वालों की लंबी कतार और अनगिनत यादें छोड़ जाते हैं. दिव्या भारती जब निधन हुआ, वह बेहद यंग थी और एक के बाद एक फिल्मों में काम कर रही थी., वह उस दौर की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक थीं. वह उस दौर के कई सुपरस्टार्स के साथ फिल्मों में नजर आईं. उनका असमय जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा नुकसान रहा, यह उनके फैंस के लिए के लिए व्यक्तिगत आघात से कम नहीं था. उनकी मुस्कान, अद्भुत अभिनय और जिंदादिली ने दिलों पर गहरी छाप छोड़ी. आज भी उनकी फिल्में और वो खूबसूरत अंदाज फैंस के दिलों में जिंदा हैं.

श्रीदेवी से होती थी दिव्या की तुलना
दिव्या भारती की यादें उनकी फिल्मों, किस्से-कहानियों में जिंदा हैं. ऐसा ही एक किस्सा श्रीदेवी से जुड़ा है, जिसका जिक्र उन्होंने एक इंटरव्यू में किया था. दिव्या भारती की तुलना अक्सर श्रीदेवी से की जाती थी. एक पुराने इंटरव्यू में दिव्या ने इस तुलना पर खुलकर बात की थी और बताया था कि जब पहली बार किसी ने कहा कि “तुम श्रीदेवी जैसी लगती हो”, तो उन्हें बहुत खुशी हुई. उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हुई. मैंने कहा, वाह! इतना सुंदर और अच्छा दिखना कितनी बड़ी तारीफ है.”

लेकिन जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें भी लगता है कि उनकी शक्ल श्रीदेवी से मिलती है, तो दिव्या ने विनम्रता से जवाब दिया था, “नहीं, वह बहुत सुंदर है, वह बहुत अच्छी हैं, वह लंबी और मुझसे ज्यादा गोरी हैं. उनका रंग साफ है, मेरे चेहरे पर पिंपल्स हैं. मेकअप क्यों होता है? छुपाने के लिए.”

दिव्या भारती लाखों दिलों की धड़कन और 90 के दशक की सबसे चमकती सितारों में से एक थीं, जो बेहद कम उम्र में दुनिया छोड़कर चली गईं. साउथ सिनेमा में अपनी पहचान बनाने के बाद, साल 1992 में एक्शन थ्रिलर ‘विश्वात्मा' से बॉलीवुड में उन्होंने डेब्यू किया. इसके बाद ‘शोला और शबनम', ‘दीवाना' जैसी फिल्मों से उन्होंने दर्शकों का दिल जीता.

उनकी खूबसूरती और अभिनय ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया, लेकिन मात्र 19 साल की उम्र में, 5 अप्रैल 1993 को, उनकी रहस्यमयी मौत ने पूरे फिल्म जगत को स्तब्ध कर दिया. उनका सफर छोटा था, लेकिन यादें आज भी जिंदा हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं