अजय देवगन की मचअवेटेड कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' रिलीज से पहले ही शानदार कमाई करने में कामयाब हो रही है. फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने मेकर्स के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. दर्शकों का एक्साइटमेंट टिकट की सेल्स में साफ नजर आ रहा है. पहले ही दिन बड़ी संख्या में टिकट बिकने से फिल्म ने एडवांस बुकिंग के जरिए करोड़ों रुपये की कमाई कर ली है. शुरुआती आंकड़े इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत कर सकती है और रिलीज के पहले दिन अच्छी ओपनिंग हासिल करने की पूरी पॉसिबिलिटी भी है.
ये भी पढ़ें: गोविंदा का 26 साल पुराना सैड सॉन्ग जो कर देता है आंखें नम, आनंद बख्शी ने कहा 'ओये राजू प्यार ना करियो'
एडवांस बुकिंग में दिखा दर्शकों का जबरदस्त जोश
फिल्म इंडस्ट्री में अब एडवांस बुकिंग किसी भी फिल्म की शुरुआती पॉपुलैरिटी का बड़ा पैमाना मानी जाती है. 'धमाल 4' के मामले में भी यही देखने को मिला है. शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के लिए पहले दिन 59 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. इन टिकटों की बिक्री से करीब 1.6 करोड़ रुपये का एडवांस कलेक्शन हुआ है. वहीं ब्लॉक सीट्स को शामिल करने पर ये आंकड़ा करीब 5.24 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.

रिलीज से पहले बना तगड़ा माहौल
ये डिजिट्स साफ इशारा कर रहे हैं कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर अच्छा-खासा एक्साइटमेंट है. खासकर कॉमेडी फिल्मों के शौकीन और 'धमाल' फ्रेंचाइजी को पसंद करने वाले फैन्स रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. एडवांस बुकिंग के ये आंकड़े इस ओर भी इशारा करते हैं कि फिल्म पहले दिन डबल डिजिट में ओपनिंग करने का दम रखती है.
10 जुलाई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
'धमाल 4' का डायरेक्शन इंदर कुमार ने किया है. ये पॉपुलर 'धमाल' फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है, जिससे दर्शकों को एक बार फिर हंसी का भरपूर डोज मिलने की उम्मीद है. फिल्म में अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता, संजय मिश्रा और रवि किशन जैसे कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. पिछली फिल्मों की तरह इस बार भी कॉमेडी, एंटरटेनमेंट और मल्टीस्टार कास्ट फिल्म की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं