बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' के पॉपुलर सॉन्ग 'गहरा हुआ' को हरियाणवी सेंसेशन 'बैरण' ने स्पॉटिफाई (Spotify) और बिलबोर्ड इंडिया (Billboard India) चार्ट पर पीछे छोड़ दिया है. दोनों प्लेटफॉर्म पर ये गाना पहले नंबर पर है जबकि धुरंधर का सॉन्ग स्पॉटिफाई पर दूसरे और बिलबोर्ड पर तीसरे नंबर पर है. यह गाना हरियाणा के कुरुक्षेत्र के दो भाइयों सुमित और अनुज का है, जो 'बंजारे' के नाम से मशहूर हैं.
सुमित और अनुज ने इस गाने से साबित कर दिया है कि टैलेंट के लिए किसी बड़े बैनर की जरूरत नहीं होती और अगर गाने में दम हो तो कोई लेबल मायने नहीं रखता है. बैरण सॉन्ग को इन्होंने अपने चैनल पर लॉन्च किया था. 'बैरण' गाना बिलबोर्ड इंडिया टॉप सॉन्ग चार्ट में 13 हफ्तों से नंबर 1 पोजीशन पर कब्जा जमाए हुए है. स्पॉटीफाई पर यह गाना 19 करोड़ से ज्यादा स्ट्रीम्स पार कर चुका है, जबकि 'गहरा हुआ' भी लोकप्रिय है, लेकिन देसीपन की महक समेट क्षेत्रीय स्वाद और भावुकता से उसे कड़ी टक्कर मिल रही है.
'बैरण' सोलफुल हरियाणवी इंडी-फोक गाना है. इसमें जुदाई और तन्हाई के दर्द को दुश्मन बताया गया है. गाना धीमा और दिल को छू लेने वाला है. जिसके बोल हैं, 'हो, मन्नै सांभ-सांभ राखे तेरे झांझरां के जोड़े...गीतां म्ह गाई, कदे छाती कै लगाई मन्नै...बैरी तन्हाई मन्नै...'
सुमित और अनुज ने इसे खुद ही इसे लिखा, कंपोज किया और गाया है. दोनों ने कोविड के समय म्यूजिक को सीरियसली लेना शुरू किया था और यह शौक उन्हें सभी चार्ट में टॉप पर ले आया है. इस गाने की लोकप्रयिता को इस बात से भी समझा जा सकता है कि इसके दो वीडियो उन्होंने अपने यूट्यूब पर रिलीज किए हैं जिन पर 275 मिलियन (27 करोड़ 50 लाख) से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं.
इनके वीडियो पर फैन्स खूब कमेंट भी कर रहे हैं. उनका कहना है कि 'बैरण' में वो रियल कनेक्शन मिलता है जो बड़े बजट वाले गानों में अक्सर नहीं होता. एक फैन ने लिखा है, दिमाग, और कितनी बार? दिल, बस एक बार और.
वहीं एक कमेंट आया है कि इस गाने को 200 बार सुन चुका हूं. वहीं एक फैन तो इस गाने को इतनी बार सुन चुकी है कि उसके घर वाले भी परेशान हो गए हैं. इसने कमेंट किया है कि अरे यार सच्ची एक दिन में 50 से ज्यादा बार सुन लिया. सबको शेयर किया. बाकी सबको भी पसंद आ गया. और अब घरवाले परेशान हो गए कितनी बार सुनोगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं