विज्ञापन

175 दिन तक चली थिएटर्स में, बिके 2 करोड़ टिकट, हीरो ने निभाए 10 रोल

एक ऐसी फिल्म जिसमें एक स्टार ने 10 अलग-अलग अवतार निभाकर सबको हैरान कर दिया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फिल्म 175 दिनों तक थिएटर्स में चली, करीब 2 करोड़ टिकट बिके और बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई दर्ज की थी.

175 दिन तक चली थिएटर्स में, बिके 2 करोड़ टिकट, हीरो ने निभाए 10 रोल
Kamal Haasan Dasavatharam
Social Media

आज के दौर में किसी फिल्म का कुछ हफ्तों तक सिनेमाघरों में टिके रहना भी बड़ी बात मानी जाती है. लेकिन 18 साल पहले एक ऐसी फिल्म आई थी जिसने अपने अनोखे कॉन्सेप्ट से लोगों को हैरान कर दिया था. रिलीज के बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की, महीनों तक थिएटर्स में टिकी रही और लाखों नहीं बल्कि करोड़ों लोगों ने इसे बड़े पर्दे पर देखा. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म करीब 175 दिनों तक सिनेमाघरों में चली, दुनियाभर में लगभग 2 करोड़ टिकट बिके और कमाई 200 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. सबसे दिलचस्प बात ये थी कि पूरी फिल्म में एक ही स्टार 10 अलग-अलग अवतारों में नजर आया था. हम बात कर रहे हैं कमल हासन की सुपरहिट फिल्म दशावतारम की, जो 13 जून 2008 को रिलीज हुई थी.

जब कमल हासन ने दिखाए 10 अवतार

फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी कमल हासन थे. एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 10 किरदारों में वो स्क्रीन पर दिखाई दिए थे. कभी वैज्ञानिक बनकर नजर आए तो कभी सीआईए एजेंट. एक किरदार में उन्होंने बुजुर्ग महिला का रूप लिया, तो दूसरे में अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए. हर किरदार का लुक और अंदाज इतना अलग था कि कई बार लोग पहचान ही नहीं पाते थे कि ये सभी रोल कमल हासन ही निभा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 'बॉर्डर' में इन दो एक्टर के बीच हुई थी जमकर फाइट, लेकिन इस वजह से डायरेक्टर ने काट दिया था सीन

मेकअप ने भी खूब बटोरी सुर्खियां

फिल्म में कमल हासन के अलग-अलग लुक्स को तैयार करने में काफी मेहनत लगी थी. IMDb Trivia के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति वाले किरदार का मेकअप करने में करीब 6 घंटे लगते थे. उस समय भारतीय फिल्मों में ऐसी तकनीक बहुत कम देखने को मिलती थी. यही वजह थी कि फिल्म सिर्फ कहानी की वजह से नहीं, बल्कि अपने शानदार मेकअप और विजुअल्स के कारण भी चर्चा में रही.

कई बड़ी एक्ट्रेसेस को मिला था ऑफर

IMDb Trivia के अनुसार शुरुआत में मेकर्स की प्लानिंग कुछ और थी. कहा जाता है कि फिल्म में कमल हासन के 10 किरदारों के साथ 10 अलग-अलग एक्ट्रेसेस को भी शामिल करने की तैयारी थी. इसके लिए विद्या बालन, ज्योतिका, सिमरन, तृषा कृष्णन, नयनतारा और श्रिया सरन समेत कई नामों पर विचार किया गया था. हालांकि बाद में प्लान बदला और आखिरकार असिन और मल्लिका शेरावत फिल्म का हिस्सा बनीं.

बॉक्स ऑफिस पर बना दिया रिकॉर्ड

करीब 60 करोड़ रुपए के बजट में बनी दशावतारम उस दौर की सबसे महंगी तमिल फिल्मों में गिनी जाती थी. रिलीज के बाद फिल्म को लोगों का शानदार प्यार मिला. रिपोर्ट दावा किया गया है कि फिल्म ने 175 दिनों का रन पूरा किया था और दुनियाभर में करीब 2 करोड़ टिकट बिके थे. वहीं इसकी कमाई लगभग 200 करोड़ रुपये बताई जाती है. उस समय ये आंकड़े किसी रिकॉर्ड से कम नहीं थे.

आज भी कम नहीं हुआ फिल्म का क्रेज

रिलीज के इतने साल बाद भी दशावतारम का नाम आते ही लोगों को कमल हासन के 10 अवतार याद आ जाते हैं. बड़े पैमाने पर बनाई गई इस फिल्म ने साबित कर दिया था कि अगर कहानी और प्रेजेंटेशन दमदार हो तो दर्शक कुछ नया देखने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं. यही वजह है कि आज भी ये फिल्म कमल हासन के करियर की सबसे यादगार और पॉपुलर फिल्मों में गिनी जाती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dasavatharam, Kamal Haasan, Bollywood, Entertaiment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com